चित्तौड़गढ़/निंबाहेड़ा,22/5/2026.सावा कस्बे के महाराणा प्रताप कॉलेज मैदान पर सद्भावना क्लब एवं सोशल क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हो रही ऑल इंडिया सावा गोल्ड कप फुटबॉल प्रतियोगिता में गुरुवार को खेल भावना, जोश और रोमांच का अद्भुत संगम देखने को मिला। प्रतियोगिता के दौरान जिला फुटबॉल संघ चित्तौड़गढ़ के अध्यक्ष पूरण आंजना मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों को युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त माध्यम बताया। इस अवसर पर चित्तौड़गढ़ जिला कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष एवं कारुण्डा सरपंच गोपाल जाट, जिला फुटबॉल संघ उपाध्यक्ष रामकिशन चौधरी, जिला क्रीड़ा परिषद के पूर्व सदस्य मुकेश पारख एवं मोहम्मद बोहरा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के प्रारंभ में आयोजन समिति अध्यक्ष प्रकाश चौधरी, सचिव नरेंद्र टेलर, कोषाध्यक्ष राघव चौधरी तथा सदस्य जयंत हिंगड़ एवं रकीब शेख ने अतिथियों का मेवाड़ी पगड़ी एवं ओपर्णा पहनाकर आत्मीय स्वागत अभिनंदन किया। स्वागत समारोह के पश्चात मुख्य अतिथि पूरण आंजना मैदान में पहुंचे, खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया तथा फुटबॉल को किक लगाकर रोमांचक मुकाबले का शुभारंभ किया। अपने उद्बोधन में पूरण आंजना ने कहा कि फुटबॉल केवल खेल नहीं बल्कि अनुशासन, टीम भावना, संघर्ष और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचलों में इस प्रकार की राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं युवाओं की प्रतिभाओं को नई दिशा प्रदान करती हैं तथा खेलों के माध्यम से भाईचारे और सद्भावना का संदेश मजबूत होता है। गुरुवार सायंकाल आयोजित हुए रोमांचक मुकाबले में चित्तौड़गढ़ टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आकोला महाराष्ट्र की टीम को 3–1 गोल से पराजित कर दर्शकों की भरपूर तालियां बटोरी। मैच के दौरान खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल, तेज रणनीति और शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन किया, जिससे पूरा मैदान उत्साह और रोमांच से गूंज उठा। आयोजन समिति अध्यक्ष प्रकाश जाट एवं नरेंद्र टेलर ने बताया कि 19 मई से 25 मई तक आयोजित हो रही इस ऑल इंडिया फुटबॉल प्रतियोगिता में देशभर की 18 टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता के फाइनल विजेता को ट्रॉफी सहित ₹1,11,000 तथा उपविजेता टीम को ट्रॉफी सहित ₹51,000 की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। प्रतियोगिता को लेकर क्षेत्र के खेल प्रेमियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। स्थानीय ग्रामीणों सहित चित्तौड़गढ़, निंबाहेड़ा एवं दूर-दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहुंचे दर्शकों ने रोमांचक मुकाबलों का भरपूर आनंद लिया और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।


