कृषि उपज मंडी, सवीना स्थित प्रतिष्ठान पर कार्रवाई
अभियान के अंतर्गत केंद्रीय टीम द्वारा कृषि उपज मंडी, सवीना, उदयपुर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न ब्रांडों के घी एवं दुग्ध उत्पादों का बड़ा स्टॉक पाया गया। उपलब्ध स्टॉक में प्रमुख रूप से महावीर काऊ घी, महावीर देसी घी, महालक्ष्मी घी, मिल्क फूड घी, सोनाई घी, काला काऊ घी, पंचगव्य घी, अमूल तथा नोवा घी सहित विभिन्न दुग्ध उत्पाद शामिल पाए गए। प्रारंभिक सत्यापन के अनुसार विभिन्न ब्रांडों के घी, मक्खन, दुग्ध उत्पादों का लगभग 42 हजार किलोग्राम से अधिक स्टॉक पाया गया, जिसकी विस्तृत जांच की जा रही है। निरीक्षण के दौरान महावीर ब्रांड घी (बैच संख्या-1) का स्टॉक भी पाया गया। उल्लेखनीय है कि इस बैच के घी को पूर्व में खाद्य सुरक्षा आयुक्त, राजस्थान द्वारा असुरक्षित (Unsafe Food) घोषित करते हुए उसके विक्रय, वितरण एवं भंडारण पर प्रतिबंध लगाया जा चुका है। प्रतिबंधित एवं असुरक्षित घोषित उक्त घी का स्टॉक पाए जाने पर केंद्रीय टीम द्वारा उसे तत्काल प्रभाव से जब्त कर लिया गया तथा उसके विक्रय एवं वितरण पर रोक लगा दी गई। संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि संग्रहित नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट प्राप्त होने एवं जांच पूर्ण होने के पश्चात यदि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित प्रतिष्ठानों, संचालकों एवं उत्तरदायी व्यक्तियों के विरुद्ध अधिनियम के तहत कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई में संयुक्त आयुक्त डॉ. विजय प्रकाश शर्मा, केंद्रीय टीम के खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद शर्मा, अमित शर्मा, लोकेश शर्मा एवं देवेन्द्र सिंह राणावत तथा उदयपुर जिले के खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक गुप्ता एवं नरेन्द्र सिंह शामिल रहे


