जावद। नीमच जिले के जावद नगर में हाल ही में प्रशासन द्वारा चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान का असर अब स्थानीय छोटे व्यापारियों पर भारी पड़ता नजर आ रहा है। बस स्टैंड क्षेत्र में दुकानों के आगे लगे शेड (टीन-टप्पर) और कथित हवाई अतिक्रमण हटाए जाने के बाद शुक्रवार को हुई तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने व्यापारियों की मुश्किलें बढ़ा दीं। अचानक बदले मौसम के बीच तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से बस स्टैंड क्षेत्र की कई दुकानों में पानी घुस गया। दुकानों के आगे लगे शेड हट जाने के कारण बारिश का पानी सीधे दुकानों तक पहुंचा, जिससे व्यापारी अपने सामान को बचाने के लिए जद्दोजहद करते दिखाई दिए। हालात ऐसे बने कि कई दुकानदार अपनी दुकानों के भीतर ही सीमित होकर रह गए और शाम करीब 5 से 5:30 बजे के बीच पूरे क्षेत्र में सन्नाटा छा गया। बारिश के चलते किराना, जनरल स्टोर और अन्य दुकानों के बाहर रखा सामान भीग गया, जिससे व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। कई दुकानदारों ने तत्काल प्लास्टिक तिरपाल और हरी नेट लगाकर पानी रोकने का प्रयास किया, लेकिन तेज बारिश के आगे ये इंतजाम भी नाकाफी साबित हुए।
व्यापारियों का कहना है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने मानसून को देखते हुए कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की। उनका आरोप है कि दुकानों की सुरक्षा के लिए लगे शेड हटने से पहली ही बारिश ने व्यापार पर गहरा असर डाला है। व्यापारियों में भविष्य को लेकर चिंता बढ़ गई है और उनका कहना है कि यदि लगातार बारिश का दौर जारी रहा तो नुकसान और बढ़ सकता है। फिलहाल, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई और उसके बाद उत्पन्न हालात को लेकर बस स्टैंड क्षेत्र में चर्चा का माहौल है तथा व्यापारी प्रशासन से राहत एवं उचित समाधान की मांग कर रहे हैं।


