नीमच। उज्जैन जोन के नवपदस्थ आईजी राकेश गुप्ता बुधवार शाम पहली बार नीमच पहुंचे। उनके आगमन को लेकर पुलिस विभाग में पूरे दिन गतिविधियां तेज रहीं। आईजी का काफिला फोरलेन स्थित जैतपुर फंटे से शहर में प्रवेश कर डाक बंगला, मेसी शोरूम चौराहा और एलआईसी रोड होते हुए सीआरपीएफ परिसर स्थित ऑफिसर्स मेस पहुंचा, जहां उन्होंने रात्रि विश्राम किया। आईजी के आगमन से पूर्व रतलाम रेंज के डीआईजी निमिष अग्रवाल भी नीमच पहुंच चुके थे। सीआरपीएफ मेस में आईजी के स्वागत के दौरान नीमच के पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, एएसपी, सीएसपी सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।  गुरुवार सुबह आईजी राकेश गुप्ता जिले के सभी थाना प्रभारियों एवं राजपत्रित अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक लेंगे। बैठक में कानून-व्यवस्था की स्थिति, लंबित अपराधों की समीक्षा, आगामी त्योहारों की सुरक्षा व्यवस्थाओं, मादक पदार्थों के विरुद्ध चल रही कार्रवाई तथा पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने जैसे विषयों पर चर्चा होने की संभावना है। नवागत एसपी राजेश व्यास के कार्यभार संभालने के बाद यह पहली उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक मानी जा रही है, जिससे जिले की पुलिस व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश सामने आ सकते हैं।