निंबाहेड़ा। राजस्थान सरकार के महत्वाकांक्षी अभियान ‘ग्रामीण सेवा शिविर-2026’ के अंतर्गत छोटीसादड़ी तहसील के धोलापानी ग्राम पंचायत मुख्यालय पर आयोजित शिविर का शुभारंभ पूर्व यूडीएच मंत्री एवं निंबाहेड़ा विधायक श्रीचंद कृपलानी ने किया। राज्य सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में सुशासन को सशक्त बनाने तथा आमजन को विभिन्न विभागों की सेवाएं उनके गांव में ही उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह महाअभियान संचालित किया जा रहा है, जो आगामी 15 जुलाई तक चलेगा। शिविर की अध्यक्षता प्रतापगढ़ भाजपा जिला अध्यक्ष महावीर सिंह कृष्णावत ने की। कार्यक्रम में भाजपा छोटीसादड़ी पश्चिम मंडल अध्यक्ष लोकेश धाकड़, निंबाहेड़ा पूर्वी मंडल अध्यक्ष अशोक जाट, पश्चिम मंडल अध्यक्ष राजेंद्र सिंह शक्तावत, पूर्व मंडल अध्यक्ष रमेश गोपावत एवं मंडल महामंत्री वेणीराम मीणा विशिष्ट अतिथि के रूप में मंचासीन रहे। शुभारंभ अवसर पर विधायक कृपलानी ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रशासन को आमजन के द्वार तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली है तथा उनकी समस्याओं का समाधान एक ही स्थान पर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना तथा ग्रामीण क्षेत्रों में विकास एवं सुशासन को मजबूती प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि शिविरों में राजस्व, पंचायत, स्वास्थ्य, ऊर्जा, सहकारिता सहित 22 विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर आमजन की समस्याओं का मौके पर निस्तारण कर रहे हैं। शिविर में आबादी भूमि के पट्टे, नामांतरण, जाति एवं मूल निवास प्रमाण पत्र, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पालनहार योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े कार्य किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड निर्माण, स्वास्थ्य जांच एवं टीकाकरण की सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं, वहीं कृषि एवं पशुपालन विभाग द्वारा किसानों एवं पशुपालकों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी एवं लाभ प्रदान किए गए। इस अवसर पर विधायक श्रीचंद कृपलानी एवं अन्य अतिथियों ने ग्रामीण किसानों को मक्का की बुआई हेतु मक्का बीज के मिनी किट वितरित कर उन्हें कृषि उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। शिविर का संचालन शिविर नोडल अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी यतींद्र पोरवाल ने किया। इस दौरान तहसीलदार राजकुमार सारेल, पंचायत समिति विकास अधिकारी दिनेश मेघवाल सहित छोटीसादड़ी ब्लॉक के लगभग 22 विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे तथा शिविर में आए ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान किया। विधायक कृपलानी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या का संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने ग्रामीणों से सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान भी किया। शिविर में चांदोली सरपंच रामनारायण मीणा,एसटी मोर्चा मंडल अध्यक्ष भेरूलाल मीणा,उपसरपंच शिवराज मीणा, पूर्व उपप्रधान लाभचंद टांक सहित जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।