मंदसौर के सुवांसरा में 11 मई को प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रवास पर रहेंगे। प्रदेश के नवीन एवं नवीनीकरण ऊर्जा मंत्री और सुवांसरा विधायक हरदीप सिंह ढंग ने ट्वीट कर जानकारी साझा की है। जानकारी के अनुसार जिले में 10 से 25 मई तक जन सेवा अभियान का दूसरा चरण शुरू हो रहा है। इसी के अंतर्गत मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 11 मई को सुवांसरा विधानसभा के कयामपुर सूक्ष्म सिंचाई परियोजना का शिलान्यास करेंगे। इसके बाद फिर वे सीतामऊ में जनसभा को संबोधित करेंगे।

प्रशासन ने शुरू की तैयारियां

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी है। कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने अधिकारियों की बैठक लेकर उन्हें दिशा निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा कि जिले में 10 मई से 25 मई तक मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान का दूसरा चरण शुरू होगा। इस अभियान में जिले के सभी कार्यालयों में चिह्नित 67 सेवाओं के लंबित एवं शिविर में प्राप्त आवेदनों का निराकरण किया जाएगा। इसके लिए सभी ग्राम पंचायतों में कैंप आयोजित होंगे। इसके साथ ही अलग-अलग विभागों में भी कैंप आयोजित किए जाएंगे।

मुआवजा राशि मे गड़बड़ी पर भी कारवाई

गुरुवार की देर रात जिले के मल्हारगढ विधानसभा के दो नायब नाजिर को कलेक्टर ने निलंबित कर दिया। वहीं तीन अधिकारियों को नोटिस देकर जवाब मांगा है। जानकारी के अनुसार वर्ष 2019 के दौरान अतिवृष्टि से नुकसान के मामले में मल्हारगढ़ ब्लाक के 17 गांव में संदिग्ध व्यक्तियों के खातों में मुआवजा आहरित की गई थी। करीब 2 माह पहले ऑडिट रिपोर्ट में करीब एक करोड़ रुपए की गड़बड़ी सामने आई थी।