निंबाहेड़ा।भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं सांसद गजेन्द्र सिंह पटेल के अल्पप्रवास पर निंबाहेड़ा आगमन पर स्थानीय भाजपा कार्यालय में पूर्व यूडीएच मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी के नेतृत्व में भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर उनके साथ पधारे भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं संभाग प्रभारी नाहर सिंह जोधा तथा भाजपा जिलाध्यक्ष रतनलाल गायरी का भी कार्यकर्ताओं ने आत्मीय स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान नगर परिषद निंबाहेड़ा निकाय चुनाव को लेकर भाजपा प्रत्याशियों, जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री गजेन्द्र सिंह पटेल ने पार्टी प्रत्याशियों एवं कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए चुनावी रणनीति, संगठन की एकजुटता तथा प्रत्येक वार्ड में प्रभावी जनसंपर्क को लेकर मार्गदर्शन दिया। बैठक के प्रारंभ में पूर्व विधायक अशोक नवलखा, भाजपा जिलाध्यक्ष रतनलाल गायरी, भाजपा नगर अध्यक्ष कपिल चौधरी सहित भाजपा पदाधिकारियों ने मेवाड़ी परंपरा के अनुसार पटेल का उपरना एवं मेवाड़ी पाग धारण करवाकर स्वागत किया। इस दौरान स्मृति चिन्ह स्वरूप विजय स्तंभ का प्रतीकात्मक चिन्ह भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया।
स्वागत उद्बोधन में पूर्व यूडीएच मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी ने राष्ट्रीय महामंत्री गजेन्द्र सिंह पटेल का निंबाहेड़ा की धरती पर स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा का संगठन कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और अनुशासन के आधार पर मजबूत हुआ है। नगर परिषद निकाय चुनाव में पार्टी के सभी प्रत्याशी एवं कार्यकर्ता एकजुट होकर जनता के बीच जाएं और केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों तथा निंबाहेड़ा में हुए विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाएं।
कृपलानी ने कहा कि निंबाहेड़ा में भाजपा का बोर्ड बनाना प्रत्येक कार्यकर्ता का संकल्प है। इसके लिए बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करते हुए प्रत्येक मतदाता से संपर्क स्थापित करना होगा।
पटेल ने दिया विजयश्री का मंत्र,मुख्य वक्ता राष्ट्रीय महामंत्री एवं सांसद गजेन्द्र सिंह पटेल ने कहा कि निकाय चुनाव में जीत केवल प्रत्याशी की नहीं, बल्कि पूरे संगठन और प्रत्येक कार्यकर्ता की जीत होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि चुनाव को संगठन की शक्ति और सामूहिक प्रयास के साथ लड़ें। प्रत्येक वार्ड में घर-घर संपर्क, मतदाताओं से संवाद और भाजपा की नीतियों एवं विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से पहुंचाना चुनावी सफलता का आधार बनेगा। पटेल ने कहा कि “हर बूथ मजबूत, हर कार्यकर्ता सक्रिय और हर मतदाता से सीधा संवाद—यही भाजपा की विजय का मंत्र है।” उन्होंने प्रत्याशियों से कहा कि वे अपने-अपने वार्ड में निरंतर जनसंपर्क करते हुए आमजन की समस्याओं एवं अपेक्षाओं को समझें तथा कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर चुनावी अभियान को गति दें। उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन चुनाव को केवल राजनीतिक प्रतिस्पर्धा के रूप में नहीं, बल्कि जनसेवा और विकास की जिम्मेदारी के रूप में देखता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि पूरी निष्ठा, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ जनता के बीच जाएं तथा नगर परिषद निंबाहेड़ा में भाजपा की विजयश्री सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत से जुट जाएं।
इस अवसर पर पूर्व विधायक अशोक नवलखा, पूर्व भाजपा नगर अध्यक्ष नितिन चतुर्वेदी, भाजपा नगर अध्यक्ष कपिल चौधरी, पूर्वी मंडल अध्यक्ष अशोक जाट, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रहलाद सोनी, पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष पारस पारख, निकाय चुनाव संयोजक उमेश तोतला, सह संयोजक मोतीलाल आहूजा, नगर निकाय प्रकोष्ठ जिला संयोजक प्रदीप मोदी, भाजपा जिला मंत्री पारस वीरवाल, पूर्व नगर महामंत्री वीरेश चपलोत, नगर महामंत्री देवकरण समदानी, कमलेश बनवार सहित भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, नगर परिषद निम्बाहेड़ा निकाय चुनाव के समस्त प्रत्याशी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।