निंबाहेड़ा/श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर 4 सितंबर 2026 शुक्रवार को श्री राधा कृष्ण मंदिर जे.के. सीमेंट परिसर में भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव बड़े ही श्रद्धा भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर को रंग बिरंगी रोशनी और आकर्षक पुष्प सजावट से सुसज्जित किया गया। इस अवसर पर विशेष पूजा अर्चना और आरती का आयोजन किया गया जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालुओं ने भाग लिया और देर रात तक आध्यात्मिक वातावरण जीवंत बना रहा। आधी रात की आरती के दौरान मंदिर में श्री अनिरुद्ध महादेव, श्री कृष्ण जी और हनुमान जी की विशेष पूजा अर्चना की गई जिसने सभी उपस्थित भक्तगणों का मन मोह लिया। इस अवसर पर जे.के. सीमेंट निंबाहेड़ा- मांगरोल के यूनिट हेड मनीष तोषनीवाल ने परिवार के साथ विशेष पूजा अर्चना की जिसने इस पावन पर्व को और भी मंगलमय बना दिया। जे.के. सीमेंट लेडीज क्लब और जे.के. सीमेंट ऑफीसर्स क्लब द्वारा विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए जिनमें श्री राम जय राम, कृष्ण काल की लीला, शिव महिमा और गोविंदा के साथ कृष्ण जैसे भक्ति गीत शामिल थे जो इस कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण थे। इन प्रस्तुतियां को जे.के. सीमेंट परिवार के यूनिट हेड मनीष तोषनीवाल के निर्देशन में प्रस्तुत किया गया जिसको वहां उपस्थित सभी श्रद्धालुओं एवं भक्तजनों ने सराहा।
इस अवसर पर म्यूजिकल ग्रुप के कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गई जिन्होंने भक्ति के रंग में डूबे हुए वातावरण को और भी सरस बना दिया और प्रस्तुतियां को गहराई से प्रभावित किया। कार्यक्रम का समापन भजन संध्या और आधी रात को भगवान श्री कृष्ण जी की महाआरती के साथ हुआ। इस अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं जिनमें स्थानीय निवासी ,प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस बल और कंपनी के सुरक्षाकर्मी उपस्थित थे उन्होंने इस आध्यात्मिक अनुभव का आनंद लिया और भगवान श्री कृष्ण के देवी जन्म का उल्लास पूर्वक उत्सव मनाया गया।
कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न करने में जे.के. सीमेंट परिवार, प्रशासनिक अधिकारियों, मीडिया कर्मियों का विशेष योगदान रहा जिनके सहयोग से कार्यक्रम का सफल आयोजन संपन्न हो सका।