निंबाहेड़ा,7 सितम्बर,ज़ाकिर हुसैन
निंबाहेड़ा नगर परिषद के स्थानीय निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां लगातार तेज होती जा रही हैं। विभिन्न वार्डों में प्रत्याशियों के समर्थन में जनसंपर्क अभियान के दौरान राजनीतिक समीकरण भी तेजी से बदलते नजर आ रहे हैं। इसी क्रम में वार्ड नंबर 34 में कांग्रेस को उस समय मजबूती मिली, जब भाजपा से जुड़े बाबूलाल जाट एवं अशोक जाट ने भाजपा छोड़कर कांग्रेस परिवार की सदस्यता ग्रहण कर ली।कांग्रेस प्रत्याशी विपुल कुमावत के समर्थन में चल रहे जनसंपर्क अभियान के दौरान दोनों ने पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना की कार्यशैली, क्षेत्र में सक्रियता एवं कांग्रेस पार्टी की विचारधारा से प्रभावित होकर कांग्रेस में शामिल होने का निर्णय लिया। कांग्रेस परिवार में शामिल होने पर पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना ने बाबूलाल जाट एवं अशोक जाट को कांग्रेस पार्टी का मफलर ओढ़ाकर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने उनका स्वागत करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी विपुल कुमावत के समर्थन में एकजुट होकर चुनाव मैदान में पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया।

जनसंपर्क में मिल रहा समर्थन, कार्यकर्ताओं में उत्साह,वार्ड नंबर 34 में कांग्रेस प्रत्याशी विपुल कुमावत के पक्ष में चल रहे जनसंपर्क अभियान के दौरान आंजना ने क्षेत्रवासियों से संवाद कर कांग्रेस के पक्ष में समर्थन की अपील की। जनसंपर्क के दौरान स्थानीय मतदाताओं एवं कांग्रेस समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर आंजना ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव आमजन के सम्मान, विकास और सामाजिक समरसता की भावना के साथ कार्य करती आई है। उन्होंने कांग्रेस परिवार में शामिल हुए बाबूलाल जाट एवं अशोक जाट का स्वागत करते हुए कहा कि उनके जुड़ने से वार्ड में पार्टी संगठन को और मजबूती मिलेगी। वहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि आगामी नगर परिषद चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी विपुल कुमावत को विजयी बनाने के लिए पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी निष्ठा एवं एकजुटता के साथ मैदान में जुटा हुआ है। भाजपा छोड़कर कांग्रेस में हुए इस राजनीतिक जुड़ाव को वार्ड नंबर 34 में कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण समर्थन के रूप में देखा जा रहा है। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्तागण एवं बड़ी संख्या में समर्थक तथा वार्ड वासियों मौजूद रहे।