मंदसौर:। मंदसौर जिला जेल से आज सोमवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में अचानक मौत हो गई। इस घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है। आनन-फानन में जेल कर्मी मृत कैदी को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, दूसरी ओर परिजनों ने जेल प्रशासन पर गंभीर मारपीट के आरोप लगाते हुए मामले को दबाने की कोशिश का आरोप जड़ा है।

क्या है पूरा मामला?
 मृतक की पहचान: मृतक की पहचान श्यामलाल (पुत्र कारुलाल कुमावत,निवासी लसुड़ावन) के रूप में हुई है, जो मंदसौर का ही रहने वाला था।

 अस्पताल में हड़कंप: जेल कर्मी श्यामलाल को मृत अवस्था में ही जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे।

 जेल प्रशासन का तर्क,जेल में डॉक्टरों की तैनाती के बावजूद मौत का प्राथमिक कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है।

परिजनों का फूटा गुस्सा:-  घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। अस्पताल पहुंचे परिजनों ने जेल प्रशासन के दावों को सिरे से खारिज कर दिया है। परिजनों का आरोप है कि श्यामलाल की मौत सामान्य नहीं है,बल्कि जेल के भीतर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई है, जिसके कारण उसकी जान गई। उनका साफ कहना है कि इस मामले को दबाने की पूरी कोशिश की जा रही है! 

प्रशासनिक हलचल तेज: घटना के बाद से ही जेल परिसर और जिला अस्पताल के बाहर भारी तनाव का माहौल है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच में जुट गए हैं।
इस सनसनीखेज घटना के बाद क्या जेल प्रशासन की लापरवाही पर कोई बड़ी कार्रवाई होगी? आप इस मामले पर क्या सोचते हैं?