निंबाहेड़ा नगर परिषद के स्थानीय निकाय चुनाव को लेकर राजीव नगर कच्ची बस्ती क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी के चुनाव प्रचार अभियान ने जोर पकड़ लिया है। वार्ड नंबर 10 एवं वार्ड नंबर 11 में कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशियों के चुनावी कार्यालयों का उद्घाटन सोमवार को राजीव नगर कच्ची बस्ती के पूर्व पार्षद अहमद हुसैन ने वार्डवासियों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में फीता काटकर किया। वार्ड नंबर 10 से कांग्रेस प्रत्याशी अहमदनूर उर्फ आजाद भाई तथा वार्ड नंबर 11 से कांग्रेस प्रत्याशी सलमा बेग़म मेव/अमजद मेव के चुनावी कार्यालय के उद्घाटन अवसर पर बड़ी संख्या में वार्डवासी, कांग्रेस कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे। कार्यालय उद्घाटन के दौरान क्षेत्र में कांग्रेस के समर्थन में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर उपस्थित वार्डवासियों ने पूर्व पार्षद अहमद हुसैन सहित दोनों कांग्रेस प्रत्याशियों अहमदनूर उर्फ आजाद भाई एवं सलमा बेग़म मेव का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने कांग्रेस पार्टी के समर्थन में उत्साह व्यक्त करते हुए आगामी नगर परिषद चुनाव में पूरी एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में जुटने का आह्वान किया। इस दौरान वक्ताओं ने पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना की जनसेवा,कांग्रेस पार्टी के प्रति उनकी प्रतिबद्धता एवं क्षेत्र में संगठन को मजबूत बनाने के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व एवं मार्गदर्शन से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और ऊर्जा का संचार हुआ है।पूर्व पार्षद अहमद हुसैन ने कहा कि वार्ड के विकास, जनसमस्याओं के समाधान तथा आमजन की आवाज को मजबूती से उठाने के लिए कांग्रेस प्रत्याशियों को विजयी बनाना आवश्यक है। उन्होंने वार्डवासियों से कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में अधिक से अधिक मतदान कर उन्हें भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। वहीं उपस्थित वार्डवासियों ने भी एकजुटता का परिचय देते हुए वार्ड नंबर 10 से अहमदनूर उर्फ आजाद भाई तथा वार्ड नंबर 11 से सलमा बेग़म मेव/अमजद मेव को भारी मतों से विजयी बनाने का संकल्प लिया। चुनावी कार्यालयों के उद्घाटन के साथ ही राजीव नगर कच्ची बस्ती के दोनों वार्डों में कांग्रेस प्रत्याशियों के चुनाव प्रचार अभियान को नई गति मिली है। कार्यकर्ताओं ने आगामी दिनों में घर-घर जनसंपर्क कर कांग्रेस की रीति-नीति एवं प्रत्याशियों के पक्ष में मतदाताओं से समर्थन जुटाने का निर्णय लिया।