निम्बाहेड़ा। निम्बाहेड़ा-छोटीसादड़ी विधानसभा क्षेत्र सहित चित्तौड़गढ़ एवं प्रतापगढ़ जिलों के ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत विभाग द्वारा की जा रही अघोषित एवं रात्रिकालीन बिजली कटौती की समस्या को लेकर पूर्व यूडीएच मंत्री एवं निम्बाहेड़ा विधायक श्रीचंद कृपलानी ने शनिवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से दूरभाष पर वार्ता की। विधायक ने मुख्यमंत्री को क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति की स्थिति से अवगत करवाते हुए आमजन को हो रही परेशानी का शीघ्र समाधान करवाने का आग्रह किया। विधायक कृपलानी ने मुख्यमंत्री शर्मा के समक्ष विशेष रूप से चित्तौड़गढ़ एवं प्रतापगढ़ जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में रात्रि के समय की जा रही बिजली कटौती के बारे में अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में श्री गणेश महोत्सव की धूम है और विभिन्न स्थानों पर धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन हो रहे हैं। ऐसे समय में बिजली कटौती होने से आमजन,आयोजकों, व्यापारियों सहित हर वर्ग को अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रात्रिकालीन समय में विद्युत आपूर्ति बाधित होने से गणेश पंडालों एवं धार्मिक आयोजनों में भी व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही हैं। कृपलानी ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि विद्युत विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर ग्रामीण क्षेत्रों में की जा रही रात्रिकालीन अघोषित बिजली कटौती को बंद करवाया जाए तथा गणेश महोत्सव के दौरान विशेष रूप से निर्बाध एवं पर्याप्त विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

ऊर्जा विभाग के उच्च अधिकारियों से भी की वार्ता,विद्युत समस्या के समाधान को लेकर विधायक कृपलानी ने ऊर्जा विभाग की शासन सचिव आरती डोगरा तथा अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (एवीवीएनएल) के प्रबंध निदेशक भंवरलाल से भी दूरभाष पर वार्ता की। उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र में विद्युत कटौती के कारण आमजन को हो रही परेशानियों से अवगत करवाते हुए विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में आवश्यक सुधार एवं कटौती को लेकर प्रभावी कार्रवाई करने का आग्रह किया।
विधायक ने अधिकारियों से कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति को लेकर लोगों में असुविधा की स्थिति उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। वर्तमान में गणेश महोत्सव के चलते अनेक स्थानों पर धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ऐसे में रात्रिकालीन समय में अनावश्यक एवं अघोषित बिजली कटौती से आयोजनों के साथ-साथ आमजन की दिनचर्या भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने विभागीय स्तर पर तत्काल आवश्यक कदम उठाकर विद्युत आपूर्ति सुचारु रखने की आवश्यकता जताई।

मुख्यमंत्री ने शीघ्र समाधान का दिया आश्वासन,मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विधायक कृपलानी द्वारा क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति से संबंधित समस्या को गंभीरतापूर्वक सुना और समस्या के शीघ्र निराकरण के लिए आश्वस्त किया। विधायक कृपलानी ने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री के निर्देश एवं ऊर्जा विभाग के उच्च अधिकारियों के स्तर पर की गई वार्ता के बाद चित्तौड़गढ़ एवं प्रतापगढ़ जिलों के ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार होगा तथा आमजन को अघोषित एवं रात्रिकालीन बिजली कटौती से राहत मिलेगी।