पिपलियामंडी। कनघट्टी मार्ग स्थित एक ढाबे पर खाना खाने के दौरान शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। शुक्रवार देर रात हुए घटनाक्रम में तीन लोगों पर लाठी, तलवार और चाकू से हमला करने का आरोप है। हमले में घायल तीनों लोगों को मंदसौर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है । जानकारी के अनुसार, पिपलियामंडी निवासी परमानंद डाबी (45), सोनू डाबी (30) और ग्राम जोगनी निवासी गोपाल चौहान कनघट्टी मार्ग स्थित ढाबे पर खाना खाने गए थे। इसी दौरान वहां सांप निकलने के बाद परमानंद की गोविंद से कहासुनी हो गई। आरोप है कि गाली-गलौज के बाद विवाद बढ़ गया।
वापस लौटकर हमला करने का आरोप,घायल पक्ष के अनुसार, गोविंद अपने भाई गोपाल को लेकर वापस आया और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इस दौरान लाठी, तलवार और चाकू से हमला किया गया। हमले में परमानंद के सिर में 10, सोनू के सिर में 8 और गोपाल के सिर में करीब 7 से 8 टांके आए हैं। इसके अलावा हाथ-पैर में भी चोटें आई हैं।
दो आरोपियों पर केस दर्ज,पिपलियामंडी पुलिस ने गोविंद पिता मांगीलाल बावरी और गोपाल पिता मांगीलाल बावरी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। घायल पक्ष का कहना है कि आरोपियों से उनका पहले से कोई विवाद नहीं था और वे उन्हें पहले से नहीं जानते थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।