नारायणगढ़। सड़कों पर गड्ढों से परेशान वाहन चालकों और स्थानीय रहवासियों की समस्या को लेकर बुधवार शाम कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनूठे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। युवक कांग्रेस और अन्य कार्यकर्ताओं ने सड़क के गड्ढों में बेशर्म के पौधे लगाकर नारेबाजी की और धरना दिया। इसके बाद राज्यपाल के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर सड़कों की मरम्मत और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मल्हारगढ़ से नारायणगढ़ और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने वाली सड़कों पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। इससे वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हो रही है। वाहनों को नुकसान पहुंचने के साथ सड़क से उड़ने वाली धूल के कारण आसपास रहने वाले लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

एक साल में सड़क पर 142 गड्ढे होने का दावा-कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, नारायणगढ़ से मल्हारगढ़ तक बनी सड़क को अभी एक साल भी पूरा नहीं हुआ है, लेकिन इस पर करीब 142 छोटे-बड़े गड्ढे हो चुके हैं। उन्होंने सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि खराब सड़कों को लेकर पहले भी कई बार ज्ञापन सौंपे गए और आंदोलन किए गए, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। सड़क की बदहाली के कारण लोगों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है।

एक सप्ताह में मरम्मत नहीं हुई तो आंदोलन-जिला कांग्रेस महासचिव अनिल शर्मा ने कहा कि सड़क निर्माण के एक साल के भीतर ही उसका खराब होना गुणवत्ता पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। कांग्रेस नेता अजित कुमठ ने कहा कि क्षेत्र की कई सड़कें बनने के कुछ समय बाद ही खराब हो गई हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर गड्ढों वाली सड़कों की मरम्मत नहीं की गई तो कांग्रेस स्थानीय लोगों के साथ मिलकर आंदोलन करेगी। प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात रहा। इस दौरान जिला कांग्रेस के स्थायी आमंत्रित सदस्य रामचंद्र करुण, नगर कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष पाटीदार, विधानसभा युवक कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल अहीर, मंडलम अध्यक्ष सुनील पाटीदार सहित कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय रहवासी मौजूद रहे।