नीमच। मेवाड़ के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल जोगणियां माता शक्तिपीठ में रविवार को शारदीय नवरात्र महोत्सव का श्रद्धा और उल्लास के साथ शुभारंभ हुआ। बेगूं विधायक डॉ. सुरेश धाकड़ ने संत-महात्माओं, संस्थान अध्यक्ष सत्यनारायण जोशी, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी में ध्वजारोहण किया। श्री जोगणियां माता शक्तिपीठ प्रबंध एवं विकास संस्थान के तत्वावधान में आयोजित महोत्सव के पहले दिन वैदिक मंत्रोच्चार के बीच घट स्थापना, राजोपचार पूजन, हवन और आरती सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए।
शुभ मुहूर्त में घट स्थापना के बाद माता रानी का राजोपचार पूजन किया गया। मंदिर परिसर स्थित पवित्र धूणी में अग्नि स्थापना कर हवन हुआ,जिसमें उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं श्रद्धालुओं ने आहुतियां देकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। पूजा-अर्चना एवं आरती के दौरान श्रद्धालुओं ने माता रानी के दर्शन कर धर्मलाभ प्राप्त किया।
महोत्सव के शुभारंभ पर शक्तिपीठ के वेद विद्यालय के बटुकों एवं वेदाध्यापकों ने बैंड-बाजे के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली। माता रानी के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा। कलश यात्रा श्रद्धालुओं, राहगीरों और यात्रियों के आकर्षण का केंद्र रही।
समारोह में महंत रामप्रिय दास महाराज, उप पुलिस अधीक्षक अंकित कूड़ी, सीआई चंपाराम,नगर पालिका अध्यक्ष गरिमा कुलदीप शर्मा,कथावाचक पंडित राकेश मिश्रा, शंभूलाल धाकड़,प्रभुलाल धाकड़, नानूलाल धाकड़,चेची मंडल अध्यक्ष मदन गोपाल धाकड़,प्रेमचंद्र धाकड़, कन्हैयालाल मेवाड़ा, बख्तावर सिंह,शंभूलाल मीणा, महावीर सिंह,बख्तावर सिंह मेघवाल, एएसआई लेखराज, बालू सुथार, संस्थान व्यवस्थापक शंकरलाल धाबाई एवं सह-व्यवस्थापक महेंद्र सोलंकी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और समाजसेवी उपस्थित रहे। संस्थान अध्यक्ष सत्यनारायण जोशी ने बताया कि नवरात्र महोत्सव 11 से 20 अक्टूबर तक आयोजित होगा। इस दौरान प्रतिदिन पूजा-अर्चना, आरती एवं दर्शन के साथ श्रीमद् देवीभागवत कथा एवं मूल पारायण,अखंड रामायण पाठ, रामलीला मंचन और भजन संध्या सहित विभिन्न धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। देश के प्रसिद्ध कलाकारों की प्रस्तुतियां भी आकर्षण रहेंगी। उन्होंने श्रद्धालुओं से अधिकाधिक संख्या में शक्तिपीठ पहुंचकर माता रानी के दर्शन करने और महोत्सव में भाग लेने का आह्वान किया।