गरोठ। गरोठ में आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। शनिवार को राजस्व और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने शहर की दुकानों पर छापेमारी की। इस दौरान टीम ने मिठाई की दुकानों से सैंपल लिए और दूषित खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट करवाया। यह कार्रवाई नायब तहसीलदार रघुनाथ माचार और फूड इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह जादौन के नेतृत्व में बस स्टैंड स्थित 'बालाजी मिष्ठान' पर चलाई गई, जिसके प्रोपराइटर रमेश पोरवाल हैं। टीम ने मावे से बनी मिठाइयों के नमूने लेकर उन्हें सील कर दिया है, जिन्हें जांच के लिए लैब भेजा जाएगा।
दुकानदारों ने उठाए सवाल
कार्रवाई के दौरान कुछ छोटे दुकानदारों ने सवाल उठाते हुए कहा कि जांच अक्सर केवल छोटी दुकानों पर ही क्यों की जाती है। इस पर नायब तहसीलदार माचार ने स्पष्ट किया कि त्योहारी सीजन में यह एक सामान्य रूटीन चेकिंग है, जिसका मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं को शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है।
दूध के पुराने सैंपल मिले सब-स्टैंडर्ड, होगी एफआईआर
फूड इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह जादौन ने बताया कि पूर्व में लिए गए दूध के सैंपल जांच में पॉजिटिव पाए गए हैं, जो मानकों पर खरे नहीं उतरे। मिलावटी दूध बेचने वालों के खिलाफ जल्द ही पुलिस थाने में FIR दर्ज कराई जाएगी। प्रशासन ने साफ किया है कि उपभोक्ताओं की सेहत से खिलवाड़ रोकने के लिए इस तरह का जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।