निम्बाहेड़ा। हेल्प सोसायटी द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए निशुल्क गरबा महोत्सव सीजन-4 का भव्य आयोजन उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं एवं बालिकाओं ने भाग लेकर गरबा और डांडिया की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों और संगीत की मधुर धुनों पर प्रतिभागियों ने गरबा कर आयोजन को यादगार बना दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व यूडीएच मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी उपस्थित रहे। इस अवसर पर उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम हमारी परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के साथ महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करते हैं। महिलाओं की सक्रिय भागीदारी समाज की सांस्कृतिक समृद्धि और जागरूकता को दर्शाती है। उन्होंने हेल्प सोसायटी की पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने वाले ऐसे आयोजन सामाजिक सहभागिता और महिला सशक्तीकरण को प्रोत्साहित करते हैं। कार्यक्रम में पूर्व विधायक अशोक नवलखा, नगर परिषद सभापति श्रीमती शिल्पा भूतड़ा, उपसभापति निलेश मेहता, पूर्व नगर महामंत्री वीरेश चपलोत, नगर महामंत्री देवकरण समदानी, कमलेश बनवार सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
आस्था जैन एंड ग्रुप ने जीता प्रथम पुरस्कार- गरबा प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। प्रतियोगिता में आस्था जैन एंड ग्रुप ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि गरबा गर्ल्स द्वितीय, अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला समिति तृतीय तथा गरबा गुलाबों ने चतुर्थ स्थान हासिल किया। व्यक्तिगत पुरस्कारों में दिशा गोठवाल को डांडिया क्वीन, नव्या शर्मा को बेस्ट एनर्जी परफॉर्मर तथा पूजा गौड़ को बेस्ट ड्रेस अवॉर्ड प्रदान किया गया। लकी ड्रॉ में प्रिया माहेश्वरी ने प्रथम और वेदिका शारदा ने द्वितीय पुरस्कार जीता।
महिला प्रतिभाओं को मंच देना आयोजन का उद्देश्य-हेल्प सोसायटी अध्यक्ष एकता सोनी ने बताया कि निशुल्क गरबा महोत्सव आयोजित करने का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को मनोरंजन के साथ अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देना, आपसी मेलजोल बढ़ाना तथा सांस्कृतिक परंपराओं और महिला सशक्तीकरण को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि प्रतिभागियों के उत्साह और सभी सहयोगियों के सहयोग से आयोजन सफल रहा। उन्होंने सभी प्रतिभागियों, अतिथियों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे रचनात्मक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।
जनप्रतिनिधियों एवं सोसायटी सदस्यों की रही सहभागिता-कार्यक्रम में पार्षद रागिनी चतुर्वेदी, नीतू सोमानी, अनीता सोनी, रेखा नवलखा, अनीता माहेश्वरी एवं अनुराधा साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की सहभागिता रही। हेल्प सोसायटी की ओर से उपाध्यक्ष मीनू छाजेड़, निहारिका राजोरा, ममता काला, आशा राठौर, संगीता बंसल, लक्ष्मी मंशानी, सीमा कुचेटा, भावना जैन, सीमा पारख, जया सिंघवी, चंदा जैन, अलका जैन, पिंकी शर्मा, रेखा हिंगर एवं तनुजा पामेचा सहित अन्य सदस्यों ने आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम का मंच संचालन एंकर अंजली शर्मा ने किया, जबकि निर्णायक की भूमिका प्रिंसी जेतावत ने निभाई। आयोजन के समापन पर हेल्प सोसायटी ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।