निम्बाहेड़ा । प्रदेश में पंचायती राज चुनावों को लेकर सियासी पारा चढ़ा हुआ है। इसी बीच चित्तौड़गढ़ कांग्रेस खेमे में बड़ी सियासी हलचल देखने को मिली। पूर्व मंत्री उदयलाल आंजना ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए दावा किया कि पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता पुराने गिले-शिकवे भुलाकर एक मंच पर आ गए हैं। अब सभी का लक्ष्य मिलकर चुनाव लड़ना और पंचायत समितियों व जिला परिषद में कांग्रेस का परचम लहराना है।
हंगामीलाल मेवाड़ा और प्रदेश नेतृत्व के प्रयासों से बनी सहमति-पूर्व मंत्री उदयलाल आंजना ने बताया कि चित्तौड़गढ़ जिला प्रभारी एवं पूर्व विधायक हंगामीलाल मेवाड़ा के प्रयासों तथा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के निर्देशों के बाद पार्टी में आपसी समन्वय स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। स्थानीय स्तर पर टिकट वितरण और अन्य मुद्दों को लेकर नेताओं के बीच जो दूरियां सामने आई थीं, उन्हें बातचीत के जरिए दूर करने का प्रयास किया गया है।
‘ऑल इज वेल’ का संदेश, फोन पर भी साधा संपर्क-कांग्रेस की एकजुटता को लेकर आंजना ने कहा कि पार्टी के सभी प्रमुख नेताओं के बीच संवाद और सामंजस्य बनाया गया है। बेगूं के पूर्व विधायक राजेंद्र विधूड़ी भले ही मौके पर मौजूद नहीं हो सके, लेकिन उनसे टेलीफोन के माध्यम से संपर्क साधा गया। वहीं, पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह जाड़ावत, पूर्व डेयरी चेयरमैन बद्री जगपुरा, ललित बोरीवाल और पूर्व जिलाध्यक्ष भैरू चौधरी सहित अन्य नेताओं के साथ भी आपसी बातचीत के जरिए सहमति बनाने पर जोर दिया गया है।
भाजपा के खिलाफ मिलकर चुनाव लड़ने का संकल्प-कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर ग्रामीण विकास की अनदेखी का आरोप लगाते हुए चुनाव में उसे कड़ी चुनौती देने की बात कही। उनका कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास और जनहित के मुद्दों को लेकर कांग्रेस मजबूती से जनता के बीच जाएगी। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में जुटने और कांग्रेस को मजबूत बनाने का आह्वान किया।जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों के नामांकन के अंतिम दिन कांग्रेस की ओर से दिया गया एकजुटता का यह संदेश चुनावी लिहाज से अहम माना जा रहा है। अब देखना होगा कि नेताओं के बीच बनी यह सहमति चुनावी मैदान में कांग्रेस को कितनी मजबूती देती है।