पिपलिया स्टेशन (निप्र)। केंद्र सरकार की अफीम नीति वर्ष 2026-27 को लेकर किसान नेता एवं मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र के श्यामलाल जोकचंद ने किसानों की मांगों को लेकर आंदोलन का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि नई अफीम नीति में किसानों की कई प्रमुख मांगों को शामिल नहीं किए जाने से अफीम उत्पादक किसानों में असंतोष है। किसानों की समस्याओं और लंबित मांगों को लेकर 30 अक्टूबर, शुक्रवार को नीमच में रैली निकालकर नारकोटिक्स कार्यालय का घेराव किया जाएगा। इसके बाद नारकोटिक्स उप आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर केंद्र सरकार से किसान हितैषी अफीम नीति लागू करने की मांग की जाएगी। जोकचंद ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा मॉर्फिन की निर्धारित मात्रा 4.2 से बढ़ाकर 4.4 किए जाने के बाद अनेक किसानों के चीरे वाले पट्टे प्रभावित हुए हैं और उन्हें पांच आरी के सीपीएस पट्टों में परिवर्तित कर दिया गया है। किसानों को उम्मीद थी कि नई नीति में उनकी समस्याओं को ध्यान में रखते हुए मॉर्फिन की निर्धारित मात्रा में संशोधन कर इसे 3.7 किया जाएगा तथा प्रभावित किसानों के पुराने चीरे वाले पट्टे बहाल किए जाएंगे, लेकिन किसानों की यह मांग पूरी नहीं हुई। इसके चलते किसानों के सामने आर्थिक संकट और भविष्य में खेती को लेकर अनिश्चितता की स्थिति बनी हुई है। जोकचंद ने सीपीएस पद्धति के प्रावधानों पर सवाल उठाते हुए कहा कि 90 किलो से अधिक औसत डोडा देने वाले किसानों को भी केवल पांच आरी के पट्टे दिए गए हैं। किसानों की मेहनत और उत्पादन को देखते हुए उन्हें उचित लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि सीपीएस पद्धति से जुड़े किसानों की समस्याओं का समाधान किया जाना जरूरी है, ताकि किसानों को उनकी पात्रता के अनुरूप राहत मिल सके। अफीम नीति बनाते समय सभी श्रेणियों के किसानों के हितों और परिस्थितियों को ध्यान में रखा जाना चाहिए।उन्होंने कहा कि वर्ष 1997-98 के पात्र किसानों को पुराने पट्टे देने की मांग भी लंबे समय से लंबित है। किसानों को उम्मीद थी कि नई नीति में इन पात्र किसानों को राहत मिलेगी, लेकिन उन्हें निराशा हाथ लगी। इसी तरह नए अफीम लाइसेंस जारी करने की मांग पर भी कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। जोकचंद ने सरकार से मांग की कि पुराने पात्र किसानों को न्याय देते हुए उनके पट्टों की मांग पर निर्णय लिया जाए और नए लाइसेंस जारी किए जाएं। किसान नेता ने अफीम का भाव बढ़ाकर एक लाख रुपये प्रति किलो करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि खेती की बढ़ती लागत, किसानों की मेहनत और कृषि कार्य में होने वाले खर्च को देखते हुए अफीम का उचित मूल्य मिलना चाहिए। किसानों को उनकी उपज का पर्याप्त मूल्य मिलने से आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि सरकार को अफीम उत्पादक किसानों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर ऐसी नीति बनानी चाहिए, जिससे किसानों को राहत मिल सके । जोकचंद ने डोडाचूरा के संबंध में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 एवं 8/29 को हटाने की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि डोडाचूरा में मॉर्फिन की मात्रा 00.2 प्रतिशत से कम होने का दावा करते हुए इस संबंध में मौजूदा कानूनी प्रावधानों पर पुनर्विचार करने की मांग की जा रही है। उन्होंने सरकार से इस विषय में उचित निर्णय लेने और किसानों की समस्याओं का समाधान करने की अपील की।
30 अक्टूबर को आंबेडकर सर्कल से निकलेगी रैली :- जोकचंद ने बताया कि 30 अक्टूबर 2026, शुक्रवार को प्रातः 11:30 बजे नीमच के आंबेडकर सर्कल, मेसी चौराहा पर किसान एकत्रित होंगे। यहां से रैली के रूप में नारकोटिक्स कार्यालय पहुंचकर उप आयुक्त को केंद्र सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके माध्यम से अफीम नीति में आवश्यक संशोधन करने, प्रभावित किसानों के पुराने चीरे वाले पट्टे बहाल करने, सीपीएस किसानों की समस्याओं का निराकरण करने और अन्य लंबित मांगों को पूरा करने की मांग की जाएगी। उन्होंने समस्त किसान बंधुओं से आंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि किसानों की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने के लिए एकजुटता जरूरी है। किसान अपने हक और अधिकारों के लिए संगठित होकर आवाज उठाएं, ताकि अफीम नीति में किसानों के हितों के अनुरूप बदलाव हो सके।
यह हैं प्रमुख मांगें :-अफीम का भाव बढ़ाकर एक लाख रुपये प्रति किलो किया जाए। मॉर्फिन की निर्धारित मात्रा में संशोधन कर इसे 3.7 किया जाए। प्रभावित किसानों के पुराने चीरे वाले पट्टे बहाल किए जाएं। वर्ष 1997-98 के पात्र किसानों को पट्टे दिए जाएं और नए अफीम लाइसेंस जारी किए जाएं। सीपीएस पद्धति के किसानों के साथ हो रहे अन्याय को दूर कर उनकी समस्याओं का समाधान किया जाए। डोडाचूरा के संबंध में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 एवं 8/29 को हटाने की मांग पर उचित निर्णय लिया जाए। जोकचंद ने किसान बंधुओं से 30 अक्टूबर को नीमच पहुंचकर आंदोलन में भाग लेने, किसान एकता को मजबूत करने और अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद करने का आह्वान किया।
----------