निंबाहेड़ा / पंचायती राज आम चुना। 2026 के तहत पंचायत समिति निंबाहेड़ा की 44 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के परिणाम सामने आने के बाद ग्रामीण राजनीति के कई दिलचस्प रंग देखने को मिले हैं।
कहीं मतदाताओं ने प्रत्याशियों को भारी समर्थन देकर जीत का बड़ा अंतर बनाया तो कहीं मुकाबला इतना करीबी रहा कि महज 10 से 20 वोटों ने गांव की सरकार का फैसला कर दिया।  चुनाव परिणामों ने यह भी स्पष्ट कर दिया कि ग्रामीण राजनीति में हर एक वोट की कितनी अहमियत है।

सबसे बड़ी जीत ने खींचा ध्यान- इस चुनाव में मंडला चारण ग्राम पंचायत से चन्द्र प्रकाश ने 1075 वोटों के अंतर से जीत दर्ज कर सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड बनाया। इसके बाद भगवानपुरा में रमेश धाकड़ ने 864, मिण्डाना में नरेश कुमावत ने 736, ताई में मनीषा मीणा ने 684 और अरनोदा में देवीलाल गायरी ने 655 वोटों के अंतर से जीत हासिल की। इन परिणामों में मतदाताओं का विजयी प्रत्याशियों के प्रति मजबूत समर्थन दिखाई दिया।

महज 10 वोटों ने तय किया सरपंच- दूसरी ओर कुछ ग्राम पंचायतों में मुकाबले की तस्वीर बिल्कुल अलग रही। बड़ावली में हुकमीचंद ने महज 10 वोटों से जीत दर्ज की, जबकि मेलाना में रामेश्वर लाल 12 वोटों से विजयी रहे।  मरजीवी में मंजूबाई ने 19, भुज्याखेड़ी में सुगना बाई ने 44 और श्रीपुरा में नानी बाई ने 46 वोटों से जीत हासिल की। बाड़ी में मंजूदेवी की जीत का अंतर भी महज 47 वोट रहा।
ये परिणाम बताते हैं कि यदि कुछ मतदाताओं का रुख अलग होता तो इन पंचायतों में चुनावी तस्वीर बदल सकती थी। खास बात यह है कि कम अंतर से जीत दर्ज करने वाले प्रत्याशियों के लिए अब गांव के हर वर्ग का विश्वास हासिल करना महत्वपूर्ण होगा।

500 से अधिक वोटों की जीत वाले भी कई गांव- परिणामों पर नजर डालें तो आठ ग्राम पंचायतों में प्रत्याशियों ने 500 से अधिक वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। इनमें मंडला चारण, भगवानपुरा, मिण्डाना, टाई, अरनोदा, करुंडा, धीनवा और बड़ावली माधोसिंह शामिल हैं। कारुंडा में कैलाश चंद्र ने 583, धीनवा में भगवती देवी ने 570 तथा बड़ोली माधोसिंह में सत्यप्रकाश मेनारिया ने 573 वोटों से जीत हासिल की।

महिला प्रत्याशियों की भी मजबूत मौजूदगी-चुनाव परिणामों में महिला प्रत्याशियों की उल्लेखनीय मौजूदगी भी नजर आई कई ग्राम पंचायतों में महिलाओं ने सरपंच पद पर जीत दर्ज कर ग्रामीण नेतृत्व की जिम्मेदारी संभाली है इनमें सुगना बाई, लक्ष्मी बाई डांगी, चंदा देवी, भगवती देवी, सुशीला, निर्मला बाई, शकुंतला देवी, मधुबाला, मंजूबाई, मनीषा मीणा सहित अन्य विजयी प्रत्याशी शामिल हैं।

जीत के अंतर में छिपे हैं कई राजनीतिक संकेत- 44 ग्राम पंचायतों के परिणामों का सबसे रोचक पहलू यह है कि हर गांव में मतदाताओं का फैसला अलग-अलग दिखाई दिया। कहीं प्रत्याशी को एकतरफा समर्थन मिला तो कहीं कांटे की टक्कर में जीत-हार का फैसला हुआ विशेष रूप से कम अंतर से जीतने वाले प्रत्याशियों के सामने अब अपने विरोधियों और असंतुष्ट मतदाताओं को साथ लेकर चलने की चुनौती रहेगी। इन परिणामों से एक बात साफ है कि गांव की राजनीति में बड़े चुनावी दावों से ज्यादा मतदाताओं का व्यक्तिगत जुड़ाव, स्थानीय मुद्दे और प्रत्याशी की स्वीकार्यता अहम भूमिका निभाते हैं। हालांकि केवल जीत के अंतर से किसी राजनीतिक दल या प्रत्याशी के पक्ष-विपक्ष में बने समीकरणों का निष्कर्ष निकालना उचित नहीं होगा 44 पंचायतों के इन नतीजों ने कहीं जश्न का माहौल बनाया तो कहीं हार-जीत का अंतर लंबे समय तक चर्चा का विषय बना रहेगा खासकर बड़ावली के 10 वोट और मंडला चारण के 1075 वोटों का अंतर इस चुनाव की दो सबसे चर्चित तस्वीरें बनकर सामने आए हैं।

विश्लेषण के खास आंकड़े-
 कुल ग्राम पंचायतें : 44
 सबसे बड़ी जीत : मंडला चारण, 1075 वोट

 सबसे कम अंतर की जीत : बड़ावली, 10 वोट
 20 वोट से कम अंतर वाली जीत : 3 पंचायतें
 50 वोट से कम अंतर वाली जीत : 6 पंचायतें
 500 से अधिक वोटों के अंतर वाली जीत : 8 पंचायतें
वहीं बड़ोली घाटा ग्राम पंचायत से महज 21 वर्ष की उम्र में दिनेश मीणा ने सरपंच पद का चुनाव जीतकर युवा नेतृत्व की नई तस्वीर पेश की है। कम उम्र में ग्रामीण राजनीति की जिम्मेदारी संभालने जा रहे दिनेश मीणा की जीत को क्षेत्र में जेन-जी (Gen Z) की चुनावी भागीदारी के रूप में भी देखा जा रहा है। जहां एक ओर कई ग्राम पंचायतों में अनुभवी प्रत्याशियों के बीच मुकाबला देखने को मिला,वहीं बड़ोली घाटा में 21 वर्षीय दिनेश मीणा की जीत ने खास ध्यान आकर्षित किया उनकी इस जीत ने यह संदेश दिया है कि गांव की राजनीति में युवा पीढ़ी भी नेतृत्व की भूमिका निभाने के लिए आगे आ रही है। उल्लेखनीय है कि निंबाहेड़ा पंचायत समिति की 44 ग्राम पंचायतों के चुनाव परिणामों में कई रोचक समीकरण सामने आए मंडला चारण में चन्द्र प्रकाश ने 1075 वोटों से सबसे बड़ी जीत दर्ज की, जबकि बड़ावली में हुकमीचंद महज 10 वोटों से विजयी रहे। इन परिणामों के बीच बड़ोली घाटा से दिनेश मीणा की कम उम्र में जीत युवा नेतृत्व के लिहाज से विशेष चर्चा का विषय बनी हुई है!