निम्बाहेड़ा ।  आर्य समाज प्रधान रविंद्र साहू ने बताया कि शांति नगर स्थित आर्य समाज के साप्ताहिक सत्संग में रविवार को नव-निर्वाचित जनप्रतिनिधियों का भव्य स्वागत-सम्मान किया गया। पतंजलि योगपीठ से पधारे स्वामी परमार्थ देव जी के सान्निध्य में आयोजित कार्यक्रम में आर्य समाज के सक्रिय सदस्य बांगरेड़ा मामादेव के सरपंच बालचंद मेघवाल, बाड़ी के सरपंच गोपाल कुमावत तथा मरजीवी से पंचायत समिति सदस्य प्रियंका आंजना के प्रतिनिधि कमल आर्य का विशेष रूप से माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर स्वामी परमार्थ देव जी ने कहा कि जनप्रतिनिधि का असली धर्म सेवा, सत्य और नशामुक्त समाज का निर्माण है। उन्होंने कहा कि सरपंच और पंचायत समिति सदस्य गांव के विकास के साथ-साथ संस्कार, योग और वैदिक मूल्यों को भी गांव-गांव तक पहुंचाएं।

बालिकाओं के लिए आठ दिवसीय आवासीय शिविर का होगा आयोजन- आर्य वीर दल के उदयपुर संभाग संचालक विशाल साबू ने बताया कि संस्कृति रक्षा, शक्ति संचय और सेवा कार्य के संकल्प को लेकर स्वामी श्रद्धानन्द सरस्वती जी के बलिदान शताब्दी वर्ष 1926-2026 के उपलक्ष्य में संभाग स्तरीय आठ दिवसीय पूर्ण आवासीय शिविर आयोजित किया जाएगा। यह शिविर केवल बालिकाओं के लिए होगा, जिसमें व्यक्तित्व विकास, चरित्र निर्माण और आत्मरक्षा प्रशिक्षण दिया जाएगा। शिविर का आयोजन 01 से 08 जनवरी 2027 तक श्री आदिनाथ दिगम्बर जैन मांगलिक भवन, आदर्श कॉलोनी, निम्बाहेड़ा में होगा। इसमें न्यूनतम आयु 14 वर्ष अथवा कक्षा 8वीं से महाविद्यालय में अध्ययनरत छात्राएं प्रवेश ले सकेंगी।