जमीन के लिए बने दुश्मन, थाने में गले मिले तो फूट-फूटकर रोए 2 भाई! फतेहपुर के थरियांव क्षेत्र के एकारी गांव से भावुक मामला सामने आया है। गरीबी में साथ मजदूरी करने वाले दो सगे भाइयों ने करीब 15 साल पहले बेंगलुरु जाकर मेहनत से करोड़ों की संपत्ति बनाई थी।   
सुख दुख के साथी रहे भाइयों में छह माह पहले जमीन व फसल के बंटवारे पर तनातनी हो गई। दूरी इतनी बढ़ी कि बोलचाल बंद हो गई और विवाद पुलिस व मुकदमेबाजी तक जा पहुंचा।   
गुरुवार को थाना प्रभारी शमशेर बहादुर ने दोनों को थाने बुलाकर आमने सामने बैठाया और पुराने संघर्ष याद दिलाए। समझाइश पर दौलत से ज्यादा अपनापन भारी पड़ा और दोनों भाई गले लगकर फूट-फूटकर रोने लगे। उन्हें देख पत्नियां भी लिपटकर रो पड़ीं और दोनों ने फिर साथ रहने का फैसला किया।