चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ जिला परिषद की राजनीति में 21 साल बाद बड़ा बदलाव देखने को मिला है। लंबे अंतराल के बाद कांग्रेस ने जिला प्रमुख की कुर्सी पर कब्जा जमाते हुए इतिहास रच दिया। कांग्रेस प्रत्याशी रतनी देवी जाट ने भाजपा की तुलसी बाई को बड़े अंतर से पराजित कर जिला प्रमुख का चुनाव जीत लिया। मतदान में रतनी देवी को 28 मत मिले,जबकि भाजपा प्रत्याशी तुलसी बाई को महज 7 वोट प्राप्त हुए। परिणाम घोषित होते ही जिला कलेक्ट्रेट परिसर कांग्रेस समर्थकों के नारों, ढोल-नगाड़ों और जश्न से गूंज उठा। जीत के बाद रतनी देवी जाट को समर्थकों ने बधाई दी। वहीं उनके पति एवं पूर्व डेयरी चेयरमैन बद्रीलाल जाट को उत्साहित कार्यकर्ताओं ने कंधों पर उठा लिया। समर्थकों ने नाच-गाकर अपनी खुशी का इजहार किया।
आंजना बोले- अच्छे प्रत्याशी उतारे,जनता ने दिया साथ-पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना ने जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि 21 साल का अंतराल काफी लंबा होता है। इस बार जनता ने कांग्रेस को करीब 82 प्रतिशत समर्थन देकर ऐतिहासिक अवसर दिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने सामूहिक प्रयास से अच्छे उम्मीदवारों को मैदान में उतारा, जिसका परिणाम आज सामने है। जब उनसे पूछा गया कि पहले उनके नाम के नारे लगते थे और अब बद्रीलाल जाट के समर्थन में भी नारे सुनाई दे रहे हैं, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि गाल यहां भी लाल हैं और गाल वहां भी लाल हैं।
बद्रीलाल जाट बोले- जनता ने कांग्रेस को पास, भाजपा को किया फेल- रतनी देवी के पति एवं पूर्व डेयरी चेयरमैन बद्रीलाल जाट ने चुनाव परिणाम को जनता के विश्वास की जीत बताया। उन्होंने कहा कि चुनाव को उन्होंने परीक्षा के रूप में लिया था और जनता को निर्णायक मानकर काम का मूल्यांकन करने की अपील की थी। जनता ने कांग्रेस को 82 प्रतिशत अंक देकर पास किया है, जबकि भाजपा को पूरी तरह नकार दिया है। उन्होंने कहा कि भले ही अभी प्रदेश में कांग्रेस की सरकार नहीं है,लेकिन ग्रामीण विकास के लिए जो भी संभव होगा,वह किया जाएगा। किसी के साथ अन्याय होने पर कांग्रेस मजबूती से आवाज उठाएगी। भविष्य में कांग्रेस की सरकार बनने पर विकास कार्यों को और गति दी जाएगी।
आंजना-जाड़ावत की एकजुटता भी रही चर्चा में- जिला प्रमुख चुनाव के दौरान पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना और पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह जाड़ावत की एकजुटता भी राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय रही। दोनों नेता एक साथ हाथ थामकर काउंटिंग सेंटर पहुंचे। चुनाव से पहले दोनों नेताओं के बीच सहमति बनने के बाद रतनी देवी जाट को जिला प्रमुख पद का प्रत्याशी बनाया गया था। चुनाव परिणाम ने इस रणनीति को सफल साबित कर दिया।
बस से पहुंचे कांग्रेस सदस्य,कलेक्ट्रेट में रही कड़ी व्यवस्था-जिला परिषद चुनाव के परिणाम 20 नवंबर को घोषित हुए थे। इसमें कांग्रेस ने 28 और भाजपा ने 7 सीटों पर जीत दर्ज की थी। जिला प्रमुख चुनाव के दिन कांग्रेस के 22 सदस्य बस से निंबाहेड़ा से चित्तौड़गढ़ कलेक्ट्रेट पहुंचे, जबकि 6 अन्य सदस्य पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह जाड़ावत के साथ पहुंचे। कलेक्ट्रेट में सुरक्षा और चुनावी प्रक्रिया को लेकर विशेष इंतजाम किए गए थे। सदस्यों को पहचान पत्र देखने के बाद ही प्रवेश दिया गया। सभी के मोबाइल फोन बाहर रखवाए गए। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू ने जिला परिषद सदस्यों को शपथ दिलाई तथा निर्वाचन प्रक्रिया के तहत विजयी सदस्यों को प्रमाण पत्र वितरित किए।
भाजपा ने भी मैदान में उतारा प्रत्याशी
जिला प्रमुख पद के चुनाव में भाजपा की ओर से वार्ड क्रमांक 14 की सदस्य तुलसी बाई ने नामांकन दाखिल किया, जबकि कांग्रेस की ओर से वार्ड क्रमांक 10 से निर्वाचित रतनी देवी जाट ने दावेदारी पेश की। दोनों प्रत्याशियों के नामांकन के बाद मतदान कराया गया। संख्या बल कांग्रेस के पक्ष में होने के कारण रतनी देवी की जीत पहले से ही लगभग तय मानी जा रही थी। अंतिम परिणाम में उन्हें 28 मत मिलने से कांग्रेस की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो गई।
21 साल बाद मिली इस जीत को कांग्रेस चित्तौड़गढ़ में अपनी राजनीतिक वापसी के रूप में देख रही है। वहीं जिला परिषद की नई कमान रतनी देवी जाट के हाथों में आने के बाद अब सभी की निगाहें आगामी पांच वर्षों में ग्रामीण विकास और पंचायतों से जुड़े कार्यों पर रहेंगी।