पत्रकार को डराने धमकाने वाले आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज
03 Jul 2023
Local News
नीमच सिटी पुलिस ने पत्रकार को डराने धमकाने व गाली गलौज करने के मामले में एक प्रकरण दर्ज किया है । मामले में मिली जानकारी अनुसार नीमच में सक्रिय पत्रकारिता करने वाले राकेश पिता हीरालाल मालवीय को डराने धमकाने के मामले को लेकर राजेंद्र सिंह पिता देवी सिंह मुंदड़ी निवासी पिपलिया मंडी मंदसौर के खिलाफ धारा 294 506 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है ।
मामले में पत्रकार राकेश मालवीय ने जानकारी देते हुए बताया कि नीमच मंदसौर जिले में राजस्व विभाग के कर्मचारियों की मिलीभगत से भू माफियाओं द्वारा लगातार सरकारी जमीन पर कब्जा कर धोखाधड़ी के मामलों की शिकायत उन्हें मिल रही थी उसी संदर्भ में श्री मालवीय द्वारा एक महत्वपूर्ण समाचार प्रदर्शित किया गया, साथ ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर भी शिकायत की गई अवैध कॉलोनी व न्यायालय में विचाराधीन जमीन पर कांप्लेक्स बनाने की खबर के प्रदर्शित होने के बाद पिपलिया मंडी निवासी अनिल सेन नामक व्यक्ति ने फोन लगाकर नीमच में गुप्ता नर्सिंग होम के पास स्थित नाकोड़ा मेडिकल स्टोर पर पत्रकार श्री मालवीय को बुलाया, पहले तो पत्रकार श्री मालवीय ने मामले को टाल दिया लेकिन जब अनिल सेन द्वारा एक से अधिक बार मेडिकल स्टोर पर आने का निवेदन किया गया तो वे नाकोड़ा मेडिकल स्टोर पर पहुंचे जहां पर अनिल सेन के साथ बैठे हुए व्यक्ति ने सीएम हेल्पलाइन पर अवैध कॉलोनी की शिकायत को बंद करने व आगे से समाचार नहीं लिखने को लेकर गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी, मामले को लेकर जिला प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने एकजुट होकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुंदर सिंह कनेश को मामले से अवगत कराते हुए सख्त कार्रवाई करने की अपील की, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के आदेश पर नीमच सिटी पुलिस ने राजेंद्र सिंह पिता देवी सिंह मुंदड़ी निवासी पिपलिया मंडी मंदसौर के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया ।