नीमच।शारदीय नवरात्र में महाअष्टमी के पावन अवसर पर जिले के सबसे बड़े आरोग्य तीर्थ महामाया भादवा माता के दरबार में भक्तों का हुजूम उमड़ा। दिनभर भादवामाता के मंदिर में भक्तों की भीड़ दिखाई दी और दर्शन का सिलसिला चलता रहा। अष्टमी के अवसर पर मंदिर में हवन भी हुआ, जिसमें क्षेत्र की सुख शांति और समृद्धि की कामना करते हुए मंत्रोचार के साथ विधिवत आहुतियां दी गई। वहीं रात होते ही महामाया भादवामाता के दरबार में हाजरी लगाने शहर समेत अंचल के विभिन्न इलाको से हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने पैदल-पैदल सफर तय कर माता के दरबार में पहुचे ओर पूजा अर्चना कर आस्था से शीश नवाया। रविवार शाम से ही नीमच मनासा मार्ग पर समाजसेवियों और सामाजिक संस्थाओं के ने स्वल्पाहार की स्टॉल लगाए थे। श्रद्धालुओं की यात्रा के बीच पूरा मार्ग रविवार सोमवार की रात में • महामाया भादवामाता के जयघोष से गुंजायमान रहा। रोड़ पर श्रृद्धालुओं की भीड़ के कारण कई बार यातायात बाधित होने जैसे हालात भी बने। देर रात तक पूरे क्षेत्र में पुलिस और प्रशासन भी सुरक्षा के लिहाज से मुस्तैद रहा। वहीं रात भर श्रद्धालुओं की भीड़ मन्दिर में उमड़ी ओर दर्शन का सिलसिला सोमवार सुबह तक जारी रहा।