नीमच। कनावटी क्षेत्र में सीआरपीएफ में मिलने वाली शराब की तस्करी का मामला सामने आया है। सोमवार को कनावटी के पास एक ढाबे पर शराब बेचने आए कर्मचारी को आबकारी विभाग की टीम ने रंगे हाथों पकड़ा। वह ढाबे पर पूर्व में भी कई बार सीआरपीएफ में मिलने वाली शराब को सप्लाय कर चुका है। मुखबिर सूचना पर सीआरपीएफ का जवान शराब की तस्करी करते रंगे हाथों पकड़ा गया। स्कूटी क्रमांक एचआर 14 वी 7118 से कनावटी के पास शारदा टी स्टाल नामक एक ढाबे पर शराब बेचने के लिए आया था। उसके कब्जे से एक पेटी अंग्रेजी शराब (रॉयल चैलेंज) जब्त की गई। आबकारी विभाग द्वारा 34 का प्रकरण दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि पकड़ाया युवक सीआरपीएफ में जवान है। मौके से शराब के साथ पकड़ने का वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसमें वह रौब झाड़ते हुए भी नजर आ रहा है। जानकारी अनुसार बताया जा रहा है नीमच सीआरपीएफ के कैंटीन पर जवानों और अधिकारियों को उनके कोटे के हिसाब से शराब मिलती है, लेकिन कई लोग उनके हिस्से की शराब बाजार में उंचे दामों में बेव देते हैं। सीआरपीएफ में मिलने वाली शराब को बाहर ले जाना प्रतिबंधित है, पर कई जवानों ने इसे पैसा कमाने का जरिया बना लिया है। बड़े पैमाने पर सीआरपीएफ से बाहर अवैध शराब की तस्करी हो रही है। गौरतलब है कि बीते पखवाड़े कनावटी क्षेत्र के इसी ढाबे पर सीआरपीएफ का एक और जवान अग्रेजी शराब की तस्करी करते रंगे हाथों पकड़ा गया था। उक्त जवान ने आबकारी टीम के साथ अभ्रदता भी की थी, जिसका वीडियो भी पूर्व में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।सीआरपीएफ के कर्मचारियों द्वारा ऐसे अब तक कई मामले सामने आ चुके है, जहां सीआरपीएफ की कैंटीन से कोटे पर मिलने वाली शराब को बाहर लगाकर अवैध रूप से मंहगे दामो पर बेचा जा रहा है।