नीमच। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ,मोहन यादव आज रविवार को नीमच जिले के जावद में महर्षि सांदीपनि विद्यालय भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर जावद विधायक ओम प्रकाश सखलेचा,सांसद सुधीर गुप्ता,विधायक दिलीप सिंह परिहार सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके बाद उन्होंने रामपुरा में 14 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। 37.11 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित विद्यालय में करीब 1700 विद्यार्थी पढ़ेंगे। यह विद्यालय प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी परियोजना का हिस्सा है, जिसे वर्ष 2022-23 में सीएम राइज स्कूल के रूप में शुरू किया गया था। अब इसे महर्षि सांदीपनि विद्यालय के नाम से जाना जाता है।विद्यालय में आधुनिक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। यहां स्टीम प्रयोगशाला, वोकेशनल लैब, आईसीटी लैब और स्मार्ट क्लासरूम हैं। खेलकूद के लिए मल्टीपरपज कोर्ट्स और इनडोर जिम की सुविधा है। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए संगीत कक्ष,नृत्य कक्ष और पुस्तकालय भी बनाए गए हैं। जिले में पहले चरण में 4 सांदीपनि विद्यालय शुरू किए गए, जिनमें से 2 जावद विधानसभा क्षेत्र में स्थित हैं। दूसरे चरण में 8 और विद्यालय शुरू किए गए हैं, जिनमें से 5 जावद विधानसभा क्षेत्र में हैं। विद्यालय में 15 किलोमीटर तक की दूरी से आने वाले बच्चों के लिए परिवहन की सुविधा भी उपलब्ध है। विषय विशेषज्ञों के अलावा यहां मनोवैज्ञानिक और करियर काउंसलर भी नियुक्त किए गए हैं।


