मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल ने आज मंगलवार सुबह 10 बजे कक्षा 10वीं, 12वीं  का परीक्षा परिणाम घोषित किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने परिणाम जारी किया। जिले के तीन छात्रों ने प्रदेश में टॉप 10 में स्थान बनाकर जिले का नाम रोशन किया। मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं और 12वीं कक्षा की परीक्षाओं में नीमच जिले ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। जिले ने प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया है। जावद तहसील की रिया खटोड़ ने 12वीं कॉमर्स में प्रदेश में 9वां स्थान प्राप्त किया। नीमच उत्कृष्ट विद्यालय की पायल पालीवाल ने 10वीं बोर्ड में 9वां स्थान पाया। मनासा तहसील के अल्हेड़ गांव की तनिष्ठा पाटीदार ने 10वीं में 10 वां स्थान हासिल किया। जिले में 12वीं कक्षा का उत्तीर्ण प्रतिशत 86.3 रहा। यह पिछले वर्ष की तुलना में 12 प्रतिशत अधिक है। 10वीं कक्षा में उत्तीर्ण प्रतिशत 87.29 रहा। इसमें 25 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। कलेक्टर हिमांशु चंद्र के अनुसार, इस सफलता के पीछे जिला प्रशासन की योजनाबद्ध रणनीति है। जिले में नियमित मासिक समीक्षा बैठकें आयोजित की गईं। छात्रों के लिए सेमिनार और परामर्श सत्र हुए। विद्यार्थियों की व्यक्तिगत प्रगति पर विशेष ध्यान दिया गया। मेरिट में स्थान पाने वाली पायल ने बताया कि उनके स्कूल, शिक्षकों और परिवार का पूरा सहयोग मिला। डिप्रेशन से उबरने में सभी ने मदद की। नीमच की यह सफलता प्रदेश के अन्य जिलों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।