नीमच।  नीमच फुटबॉल की नगरी है, इसका गौरवशाली इतिहास रहा है। कालू कप्तान, ओपी साहू,करीम साहब,प्रहलाद अहीर, विजय कोठिया,महेंद्र चतुर्वेदी,अशोक अहीर,जगमोहन प्रेमी जैसे अनेक सितारों को इस नीमच की माटी में जन्म दिया और इन सितारों ने नीमच का नाम राष्ट्रीय पटल पर रोशन किया। आज जरूरत इस बात की है कि वह गौरवमयी लम्हे नीमच में वापस लौटें । हमारी बगिया फिर नन्हे फुटबॉलरों से हरी भरी हो,इसके लिए हमें वापस स्कूल फुटबॉल को जिंदा करना होगा तभी हम वापस स्वर्णिम युग की ओर लौट सकेंगे। उक्त उदगार विक्रम विश्वविद्यालय फुटबॉल दल के पूर्व कप्तान और नीमच जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौरसिया ने वरिष्ठ फुटबॉल खिलाड़ी राजू सैनी व उनके पुत्र मयंक सैनी और मयूर सैनी द्वारा स्कूल फुटबॉल खिलाड़ियों के लिए स्थापित प्ले स्टेशन टर्फ में आयोजित रतलाम विरुद्ध नीमच के फ्रेंडली मैच में आयोजित समारोह में व्यक्त किए। सचिव प्रमोद शर्मा,कोच रमेश थापा, वरिष्ठ फुटबॉल खिलाड़ी सलीम बाबा उपस्थित थे । अतिथियों का पुष्प माला से स्वागत कोच मयूर सैनी, मयंक सैनी, शेरू भाई व राम भाई ने किया। रतलाम और नीमच के मध्य 14 वर्ष, 17 वर्ष और 19 वर्ष के आयु वर्ग के मैच में सभी में नीमच की टीम विजेता रही । अतिथियों द्वारा नन्हे बच्चों को ट्रॉफी, शील्ड व मेडल प्रदान किए गए।  अंत में आभार वरिष्ठ फुटबॉल खिलाड़ी राजू सैनी ने माना।