मंदसौर के गांधीसागर अभयारण्य के करणपुरा क्षेत्र में नीमच झालावाड़ रोड पर एक तेंदुए का शव मिला है। राहगीरों द्वारा सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में तेंदुए की मौत का कारण किसी अज्ञात वाहन से टक्कर माना जा रहा है। वन विभाग ने शव को पोस्टमार्टम के लिए डाक बंगला क्षेत्र में स्थानांतरित कर दिया है। इसके सही कारण का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। मीडिया के पहुंचने पर वन विभाग के अधिकारी सवालों का जवाब देने से बचते नजर आए। सूत्रों के अनुसार अधिकारियों ने अपने मोबाइल फोन भी बंद कर लिए हैं। वन विभाग द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों का पता चल सकेगा।


