पिपलियामंडी में तमिलनाडु के व्यापारी का अपहरण.आपसी लेन-देन का मामला,लहसुन खरीदने आया था; आलोट में मिला
13 Nov 2025
MP NEWS
मंदसौर। मंदसौर जिले के पिपलियामंडी में गुरुवार दोपहर तमिलनाडु के एक व्यापारी का अपहरण कर लिया गया। यह घटना फोरलेन पर स्थित बही टोल प्लाजा के समीप पटेल होटल के सामने हुई। व्यापारी लहसुन की खरीद के लिए कृषि उपज मंडी आए थे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। व्यापारी की तलाश में टीआई के नेतृत्व में टीम रवाना की गई है। सूत्रों की माने तो आलोट में व्यापारी को ले जाया गया था। इसमें आलोट पुलिस की भी भूमिका रही हैं। समाचार लिखे जाने तक आलोट थाने में व्यापारी को रोके रखा था और यहां पर आपसी लेन देन की बात सामने आई हैं। जानकारी के मुताबिक,सबरिनारंग अपने साथियों के साथ मंदसौर मंडी में लहसुन की खरीद-फरोख्त के सिलसिले में आए थे। लेन-देन पूरा होने के बाद वे पटेल होटल में ठहरे हुए थे। गुरुवार को जब वह अपने साथियों के साथ मंदसौर की ओर रवाना हुए,तभी स्कॉर्पियो में सवार कुछ लोग उनके पास आए और किसी बात को लेकर विवाद करने लगे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने व्यापारी के साथ मारपीट की। इसके बाद वे सबरिनारंग को जबरन अपने वाहन में बैठाकर फरार हो गए।
आपसी लेन-देन का विवाद हो सकता है,व्यापारी के साथियों ने किसान नेता श्यामलाल जोकचंद के साथ मौके पर जाकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार यह मामला आपसी लेन-देन विवाद से जुड़ा हो सकता है। जांच के लिए आवेदन लेकर अपहृत व्यापारी की तलाश शुरू कर दी गई थी। पुलिस ने आपहृत व्यापारी की तलाश करते-करते पता किया कि उसे आलोट ले जाया जा रहा हैं। पिपलिया पुलिस आलोट तक पहुंची हैं और पुरे मामले को समझ रही हैं। यहां पर मामला लेन देन का निकला था।