मंदसौर। जिले के शामगढ़ नगर के वार्ड क्रमांक 08 स्थित एक पास कॉलोनी में नकली घी बनाने और बेचने का बड़ा मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, कॉलोनी के एक मकान में लंबे समय से अवैध रूप से नकली घी तैयार कर बाजार में खपाया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, इस कारोबार में शामिल लोग पहले दुकानदारों से ऑर्डर लेते हैं कि उन्हें किस कंपनी के नाम से घी चाहिए। इसके बाद बोलीया और इंदौर क्षेत्रों से कच्चा माल मंगवाकर घर में ही नकली घी तैयार किया जाता है। तैयार माल को पैक कर स्कूटी और मोटरसाइकिल के माध्यम से विभिन्न दुकानों तक पहुंचाया जाता है। बताया जा रहा है कि यह काम काफी संगठित तरीके से किया जा रहा है और बड़ी मात्रा में नकली घी बाजार में सप्लाई किया जा रहा है, जिससे आम जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। गौरतलब है कि हाल ही में जिला खाद्य अधिकारी द्वारा शहर की कुछ छोटी दुकानों पर पहुंचकर खाद्य सामग्री के सैंपल लिए गए, लेकिन इस बड़े स्तर पर चल रहे नकली घी के कारोबार तक विभाग की पहुंच नहीं हो सकी है।


