13 महीने बाद भी नहीं मिला जवाब: एक्सप्रेसवे कांड की रहस्यमयी महिला कौन?
भानपुरा। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मई 2025 में वायरल हुए अश्लील वीडियो मामले को 13 महीने से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन घटना में कथित रूप से शामिल महिला की पहचान और गिरफ्तारी को लेकर अब भी स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। इस मामले में मुख्य आरोपी मनोहर लाल धाकड़ की गिरफ्तारी हो चुकी थी और बाद में उन्हें जमानत भी मिल गई, लेकिन वीडियो में दिखाई देने वाली महिला की पहचान अब तक सार्वजनिक नहीं की गई है।
घटना का वीडियो एक्सप्रेसवे के सीसीटीवी कैमरों में कैद हुआ था, जिसके वायरल होने के बाद प्रदेशभर में चर्चा छिड़ गई थी। मामले में भानपुरा थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया था। इसके बावजूद जांच का एक महत्वपूर्ण पहलू अब भी अधूरा नजर आ रहा है।
स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि सीसीटीवी फुटेज में स्पष्ट रूप से दिखाई देने वाली महिला की पहचान आखिर अब तक क्यों नहीं हो सकी। लोगों का कहना है कि आधुनिक तकनीक और जांच संसाधनों के बावजूद मामले की दूसरी प्रमुख पात्र तक पुलिस नहीं पहुंच पाई है।
हालांकि पुलिस की ओर से महिला की पहचान या जांच की प्रगति को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में कई सवाल खड़े हो रहे हैं कि क्या जांच अभी भी जारी है या यह पहलू ठंडे बस्ते में चला गया है।
जनता का मानना है कि मामले की निष्पक्ष और पूर्ण जांच के लिए सभी संबंधित पक्षों की पहचान और भूमिका स्पष्ट होना आवश्यक है। जब तक जांच के सभी पहलुओं से पर्दा नहीं उठता, तब तक यह मामला सवालों के घेरे में बना रहेगा। फिलहाल सभी की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं कि क्या इस मामले की अधूरी कड़ी कभी सामने आएगी या यह रहस्य यूं ही बरकरार रहेगा।