मंदसौर (मध्य प्रदेश): जिले के अभिनंदन क्षेत्र से एक ऐसा रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है, यहाँ एक कथित ‘यमराज’ रूपी झोलाछाप डॉक्टर ने इलाज के नाम पर एक बेकसूर महिला की जान आफत में डाल दी। मामूली बीमारी का इलाज कराने गई महिला को डॉक्टर ने ऐसा इंजेक्शन ठोका कि इंजेक्शन की सुई मांस को चीरती हुई सीधे नस के अंदर ही टूट कर रह गई!

क्या है पूरा मामला:-
मिली जानकारी के मुताबिक, अभिनंदन क्षेत्र की रहने वाली एक महिला को अचानक तबीयत बिगड़ने पर क्षेत्र के ही एक ‘सद्दाम’ नाम के झोलाछाप डॉक्टर के पास ले जाया गया था। डॉक्टर ने आव देखा न ताव, तुरंत एक भारी-भरकम इंजेक्शन निकाला। लेकिन लापरवाही की हद तो तब हो गई जब सुई लगाने के दौरान डॉक्टर ने इतनी बेरहमी और जल्दबाजी दिखाई कि सुई का आधा हिस्सा महिला के शरीर के अंदर ही टूट गया।
चीख उठी महिला, मौके से भागा ‘कथित डॉक्टर’
सुई टूटते ही महिला दर्द से तड़प उठी और जोर-जोर से चीखने लगी। जब महिला के परिजनों ने हंगामा किया और सुई निकालने को कहा, तो झोलाछाप डॉक्टर के हाथ-पैर फूल गए। अपनी गर्दन फंसती देख शातिर सद्दाम मौके से रफूचक्कर हो गया।
हालत गंभीर: शरीर के भीतर सुई का टुकड़ा फंसे होने के कारण महिला का दर्द असहनीय हो गया और उसकी जान पर बन आई। परिजनों ने बिना वक्त गंवाए आनन-फानन में पीड़ित महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर्स की टीम महिला के शरीर से उस लोहे के टुकड़े (सुई) को निकालने और उसकी जान बचाने में जुटी हुई है।

बड़े  सवाल: आखिर कब तक चलेगा मौत का यह धंधा?:-
इस खौफनाक घटना ने मंदसौर के स्वास्थ्य महकमे और प्रशासन पर एक बार फिर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं!
गली-कूचों में क्लिनिक खोलकर बैठे इन ‘सद्दाम’ जैसे झोलाछापों को इंसानी जिंदगी से खेलने का लाइसेंस किसने दिया? क्या स्वास्थ्य विभाग गहरी नींद में सोया है, जो इन फर्जी डॉक्टरों पर कोई नकेल नहीं कसी जा रही?