नीमच/मंदसौर। मध्यप्रदेश के मंदसौर में 31 दिसंबर 2025 को हुए चर्चित डबल मर्डर मामले का पुलिस ने पांच माह बाद खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि राजस्थान के निम्बाहेड़ा निवासी सराफा व्यापारी विकास सोनी ने सोना कारोबारी दिलीप जैन और उनकी पत्नी रेखा जैन की चाकू से हत्या करने के बाद स्वयं को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस अब मामले में क्लोजर रिपोर्ट पेश करने की तैयारी कर रही है। पुलिस के अनुसार, विकास सोनी स्कूटी से गोल चौराहा स्थित दिलीप जैन के घर पहुंचा था। उस समय घर में केवल रेखा जैन मौजूद थीं। उसने सामान्य व्यवहार करते हुए दिलीप जैन को फोन किया और उनके आने का इंतजार किया। इसके बाद तीनों ने साथ बैठकर चाय पी और बातचीत की। इसी दौरान पुराने लेन-देन को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। जांच में सामने आया कि विकास ने पहले देसी पिस्टल से फायर करने का प्रयास किया, लेकिन गोली नहीं चली। इसके बाद उसने दिलीप जैन पर चाकू से ताबड़तोड़ 11 वार कर दिए। शोर सुनकर नीचे पहुंची रेखा जैन ने पति को बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उन पर भी 30 से अधिक वार कर मौत के घाट उतार दिया।
दोनों की हत्या के बाद विकास कुछ देर तक घर में घूमता रहा और फिर सोफे पर बैठकर अपनी कनपटी पर पिस्टल रख गोली मार ली। गोली सिर को चीरते हुए छत के पीओपी में जा धंसी। मंदसौर सिटी कोतवाली पुलिस ने एफएसएल रिपोर्ट, बैलिस्टिक जांच, सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयानों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की पुष्टि की। घटनास्थल से पिस्टल, चाकू, कारतूस, गोली तथा अन्य साक्ष्य जब्त किए गए। साथ ही घर से सोने के कंगन और नकदी बरामद होने से लूट की आशंका भी खारिज हो गई। पुलिस ने घर और आसपास लगे आठ सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें घटनास्थल पर केवल विकास सोनी की मौजूदगी दर्ज हुई। पांच माह तक चली गहन जांच में किसी तीसरे व्यक्ति की संलिप्तता सामने नहीं आई। मानव जैन की शिकायत पर दर्ज हत्या एवं आर्म्स एक्ट के मामले में अब पुलिस केस क्लोज करने की प्रक्रिया में है।