उज्जैन। कानीपुरा रोड स्थित लक्की दरबार ढाबे पर 26-27 अगस्त की रात राहुल दरबार और जितेंद्र ठाकुर की हत्या के मामले में गुरुवार को नया मोड़ सामने आया। बंजारा समाज के बड़ी संख्या में लोग एसपी कार्यालय पहुंचे और डबल मर्डर मामले में सोनू कछावा उर्फ सोनू बंजारा और अनिल बंजारा के नाम को लेकर निष्पक्ष जांच की मांग की। समाज की ओर से सीएसपी श्वेता गुप्ता को एसपी के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि सोनू कछावा ने 28 सितंबर को अपनी पत्नी और बहन के साथ चिमनगंज थाने में आत्मसमर्पण किया था। इसके बाद उसे थाने में बैठाकर रखा गया और रात में उसके साथ मारपीट की गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि मामले से नाम हटाने के एवज में पुलिसकर्मियों द्वारा 50 लाख रुपए की मांग की गई। रुपए नहीं देने पर मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल ले जाने का आरोप ज्ञापन के अनुसार, थाने में कथित मारपीट के बाद सोनू की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद पुलिस उसे अस्पताल लेकर गई। वर्तमान में उसका उपचार चलने की बात समाज की ओर से कही गई है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
सीसीटीवी और टावर लोकेशन की जांच की मांग
बंजारा समाज ने सोनू और अनिल की घटना में भूमिका को लेकर जांच की मांग करते हुए सिविल अस्पताल, लक्की दरबार ढाबे और घटनास्थल तक आने-जाने वाले रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने की मांग की है। इसके साथ ही दोनों की मोबाइल टावर लोकेशन की जांच कराने की मांग भी ज्ञापन में की गई है। समाज ने ज्ञापन में कुछ पुलिसकर्मियों के नाम का उल्लेख करते हुए उनके खिलाफ भी जांच और कार्रवाई की मांग रखी है।
सीएसपी बोलीं- तथ्यों की जांच के बाद होगी कार्रवाई
सीएसपी श्वेता गुप्ता ने बताया कि बंजारा समाज की ओर से डबल मर्डर मामले में मुख्य आरोपी सोनू बंजारा की घटना के समय मौजूदगी को लेकर शिकायत दी गई है। समाज ने पुलिस के सामने कुछ तथ्य रखे हैं। इन तथ्यों की जांच कराई जाएगी और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।