देवास। जिले के चंदाना गांव में शराब से जुड़ी मौतों के मामले ने प्रदेश की राजनीति और प्रशासनिक महकमे में हलचल मचा दी है। अवैध शराब की बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण नहीं होने को लेकर उठ रहे सवालों के बीच प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। कलेक्टर और एसपी के तबादले के बाद अब आबकारी विभाग के तीन अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। वहीं, मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल ने गांव पहुंचकर मृतकों के परिजनों से चर्चा की और उनके बयान दर्ज किए।

आबकारी विभाग के तीन अधिकारियों पर गिरी गाज

चंदाना में हुई मौतों के बाद अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण नहीं रखने तथा अधीनस्थ अमले की गतिविधियों की निगरानी में लापरवाही बरतने के आरोप में जिला आबकारी अधिकारी बसंती भूरिया, सहायक जिला आबकारी अधिकारी निलेश कुमार पवार और आबकारी उपनिरीक्षक राजश्री खन्ना को निलंबित किया गया है। यह कार्रवाई आबकारी आयुक्त दीपक सक्सेना द्वारा की गई। निलंबन के बाद जिला आबकारी अधिकारी बसंती भूरिया को उज्जैन स्थित आबकारी कार्यालय में अटैच किया गया है।

जांच दल ने परिजनों से जुटाई जानकारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए उज्जैन संभागायुक्त आशीष सिंह द्वारा गठित विशेष जांच दल मंगलवार को चंदाना पहुंचा। जांच दल में अपर कलेक्टर प्रथम कौशिक, गरोठा एएसपी रामस्नेही मिश्रा, सैलाना एसडीओपी लेखराज मीणा और उप आबकारी आयुक्त उज्जैन हर्षवर्धन राय सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे। अधिकारियों ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उनके बयान दर्ज किए। जांच के दौरान यह जानकारी जुटाई गई कि संबंधित लोगों ने शराब कहां से खरीदी थी और तबीयत बिगड़ने के बाद उनका उपचार कहां कराया गया। जांच दल ने पूछताछ के दौरान प्राप्त जानकारियों को दर्ज करने के साथ वीडियो रिकॉर्डिंग भी की।

अवैध शराब मामले में 8 आरोपी रिमांड पर

पुलिस ने मामले में अवैध रूप से शराब बेचने के आरोपी विनोद जायसवाल सहित कई अन्य लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में शराब दुकानों के मैनेजर और सेल्समैन भी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया गया। इनमें से जुगल सिंह और राजेंद्र निनामा को जेल भेज दिया गया, जबकि विनोद जायसवाल सहित आठ आरोपियों को पूछताछ के लिए तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

कार्रवाई के बाद भी कई सवाल बरकरार

चंदाना में शराब से जुड़ी मौतों के मामले ने अवैध शराब की बिक्री पर निगरानी और संबंधित विभागों की जवाबदेही को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। प्रशासनिक अधिकारियों पर कार्रवाई, विशेष जांच दल की पड़ताल और आरोपियों से पूछताछ के बीच अब जांच के निष्कर्षों पर नजर रहेगी। यह भी महत्वपूर्ण होगा कि अवैध शराब की आपूर्ति के स्रोत और बिक्री से जुड़े पूरे नेटवर्क की भूमिका जांच में किस तरह सामने आती है।