नीमच। मनासा थाना क्षेत्र के ग्राम पिपलोन में खेत की मेड़ को लेकर शुरू हुआ विवाद सोमवार को खूनी संघर्ष में बदल गया। घटना में एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में कई को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस द्वारा मामूली धाराओं में मामला दर्ज किए जाने से असंतुष्ट मीणा रावत समाज पिडित परिवार को न्याय दिलाने के लिए समाज बड़ी संख्या में समाजजन आज मंगलवार को दोपहर अम्बेडकर सर्कल पर एकत्र हुए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रैली निकालकर एसपी कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी केशरलाल पिता रघुनाथ मीणा ने बताया कि वे कृषि कार्य कर जीवनयापन करते हैं। 14 जुलाई की शाम खेत की मेड़ को लेकर गायरी समाज के कुछ लोगों अनिल, देवकिशन, गोपाल, सेवानिवृत्त फौजी प्रकाश, प्रभुलाल, प्रहलाद, कमल और पप्पू आदि ने हमला कर दिया। इस हमले में एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हुए। घटना के बाद जब शिकायत दर्ज कराने मनासा थाने पहुंचे तो पुलिस ने गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद सिर्फ सामान्य धाराओं में मामला दर्ज किया। इससे आक्रोशित होकर मीणा समाज के लोगों ने अम्बेडकर सर्कल पर एकत्र होकर "भारत माता की जय", "हम अपना अधिकार मांगते, भीख नहीं मांगते" जैसे नारे लगाते हुए रैली निकाली और एसपी कार्यालय पहुंचे। वहाँ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिसोदिया को ज्ञापन सौंपते हुए बताया गया कि पुलिस की कार्यप्रणाली पक्षपातपूर्ण रही है। घायलों को गंभीर चोटें आई हैं, फिर भी पुलिस ने उचित धाराएं नहीं लगाईं। समाजजनों ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।