पिपलियामंडी में झोलाछाप डॉक्टर के इलाज से किशोर की मौत, आरोपी डॉक्टर फरार
19 Aug 2025
NEEMUCH NEWS
पिपलियामंडी। नगर में झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही ने एक मासूम की जान ले ली। जानकारी के अनुसार अजय प्रजापति (16) पिता नारू प्रजापति निवासी अयोध्या बस्ती पिपलियामंडी की तबीयत खराब होने पर एक झोलाछाप डॉक्टर ने घर पर जाकर बोतल चढ़ाई,जिसके बाद अजय की हालत और बिगड़ गई। स्थिति गंभीर होने पर झोलाछाप डॉक्टर उसे आनन-फानन में एक निजी अस्पताल ले गया और भर्ती कराने का प्रयास किया,लेकिन अस्पताल के चिकित्सकों ने जांच के बाद अजय को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी झोलाछाप मौके से फरार हो गया। पिपलियामंडी चौकी प्रभारी धर्मेश यादव ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी डॉक्टर की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस दर्दनाक घटना से क्षेत्र में आक्रोश है और लोगों ने प्रशासन से झोलाछाप डॉक्टरों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
नीमच शहर और जिलेभर में सक्रिय है झोला छाप डॉक्टर
नीमच में भी झोलाछाप डॉक्टर लोगों के स्वास्थ्य के साथ कर रहे हैं खिलवाड़ लेकिन जिला प्रशासन ने इस मामले में लंबे समय से चुप्पी साथ रखी है नीमच के कई रिहाईसी क्षेत्र में और आसपास के कस्बों में झोलाछाप डॉक्टर अपनी दुकान सजा कर बैठे हैं जो मोटी रकम लेकर भोले भाले मरीज को लूट रहे हैं। हैवी डोज देकर उनके स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं, नीमच जिला प्रशासन के उच्च चिकित्सा अधिकारियों को इस मामले को त्वरित संज्ञान में लेकर उचित कार्रवाई करना चाहिए