खेड़ापति हनुमान मंदिर के महंत 108 श्री लक्ष्मणगिरी जी महाराज का देवलोकगमन, चकडोल यात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब,
28 Aug 2025
NEEMUCH NEWS
नयागांव। खेड़ापति हनुमान मंदिर जावद रोड नयागांव केशरपुरा के महंत 108 श्री लक्ष्मणगिरी जी महाराज का देवलोकगमन बुधवार सुबह हो गया। गुरुवार सुबह 9 बजे उनकी चकडोल यात्रा प्रारंभ हुई। महंत जी को बग्गी (वेवाण) में विराजित कर यात्रा निकाली गई। आगे डीजे व पुष्प वर्षा के साथ शोभायात्रा चली,पीछे संत समाज व 12 गांवों से आए श्रद्धालु महिलाएं मंगल गीत व भजन गाते हुए शामिल हुए। यात्रा 10 बजे नयागांव पहुंची, जहां नगरवासियों ने पुष्पमालाएं अर्पित कर गुरु महाराज को अंतिम विदाई दी। इस दौरान कई श्रद्धालुओं की आंखें नम हो उठीं। नयागांव जावद चौराहे,सीसीआई चौराहे और फोरलेन सर्विस रोड पर श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा व माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। केशरपुरा में विशाल जनसमूह मौजूद रहा। वहीं कानका और दामोदरपुरा में भी श्रद्धालुओं ने दर्शन कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। चकडोल के पीछे ट्रैक्टर व अन्य वाहन श्रद्धालुओं के साथ चल रहे थे, जबकि आगे डीजे पर धार्मिक भजन-कीर्तन गूंज रहे थे।