नयागांव। नयागांव निवासी नारूलाल पिता नंदलाल धाकड़ ने पुलिस अधीक्षक को एक आवेदन दिया है, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया है कि आरोपी दिनेश पिता कारूलाल धनगर निवासी नयागांव के खिलाफ जावद सिविल न्यायालय द्वारा गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है, लेकिन पुलिस ने अभी तक उसे गिरफ्तार नहीं किया है। जिसके बाद गुरुवार को नयागांव पुलिस ने कांग्रेस नेता व वार्ड 7 पार्षद दिनेश पिता कारूलाल धनगर को चेक बाउंस प्रकरण में गिरफ्तार किया है। आरोपी को आज न्यायालय में पेश किया जाएगा ।दिनेश धनगर ने ब्याज सहित राशि लौटाने का वादा किया था और गारंटी स्वरूप चेक भी सौंपा था। कुछ समय तक आरोपी ने ब्याज दिया, लेकिन बाद में भुगतान बंद कर दिया। जब परिवादी ने बैंक में 87 लाख 65 हजार रुपये का चेक प्रस्तुत किया तो आरोपी के खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने से चेक बाउंस हो गया। इसके बाद पीड़ित ने न्यायालय में मामला दर्ज कराया। जावद सिविल न्यायालय ने आरोपी के खिलाफ कई बार जमानती व गिरफ्तारी वारंट जारी किए, लेकिन वह पेश नहीं हुआ। न्यायालय के आदेश पर आखिरकार पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। इस पूरे मामले में आरोपी का पटवारी से लेन-देन का प्रकरण भी चर्चा में है। अब आरोपी को आज 19 सितम्बर को न्यायालय में पेश किया जाएगा।