नीमच। ग्राम पंचायत सावन के सरपंच जितेंद्र माली के खिलाफ उनकी पत्नी की शिकायत पर नीमच सिटी पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पीड़िता ने न्याय की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल से एक लिखित शिकायत की थी।
एसपी के निर्देश पर सिटी पुलिस ने तुरंत प्रभाव से एफआईआर दर्ज की।
पत्नी का आरोप है कि सरपंच 10 लाख रुपये की मांग को लेकर आए दिन प्रताड़ित करता है। मकान की किस्त जमा करने के लिए भी पैसों का दबाव बनाया गया। विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट तक की गई। महिला ने यह भी शिकायत की है कि आरोपी पति बीते 8 माह से उसे और बच्चों को छोड़कर सावन गांव में रह रहा है तथा उसके अन्य महिला से नाजायज अवैध संबंध हैं,जिसके चलते वह लगातार परेशान और प्रताड़ित कर रहा हैं। शिकायत पर सिटी पुलिस ने सरपंच जितेंद्र माली के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 85,196 और 115(2) के तहत मामला दर्ज किया है। वही इधर सरपंच जितेंद्र माली का कहना है कि उनकी पत्नी द्वारा झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। इसी कारण उन्होंने न्यायालय में तलाक का प्रकरण भी दाखिल कर रखा है।