नीमच। बहुप्रतीक्षित सीएम राइज़ स्कूल के निर्माण को लेकर नीमच में अब नया विवाद खड़ा हो गया है। प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 2 के ग्राउंड को स्कूल निर्माण के लिए प्रस्तावित करने की योजना का खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने विरोध शुरू कर दिया है। बुधवार को बास्केटबॉल,क्रिकेट,फुटबॉल और एथलेटिक्स से जुड़े सैकड़ों खिलाड़ियों ने एकजुट होकर विधायक दिलीप सिंह परिहार और जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में खिलाड़ियों ने मांग की है कि सीएम राइज़ स्कूल का निर्माण किसी अन्य स्थान पर किया जाए,क्योंकि यह मैदान शहर का एकमात्र बहु-खेल परिसर है।खिलाड़ियों ने बताया कि यह वही मैदान है,जहां दो बास्केटबॉल कोर्ट,एक फुटबॉल ग्राउंड,क्रिकेट पिच और एथलेटिक ट्रैक मौजूद हैं।यहां से सैकड़ों खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचे हैं। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि इसी मैदान से प्रशिक्षण लेकर तीन खिलाड़ियों का चयन हाल ही में भारतीय टीम में हुआ था। इनमें से एक खिलाड़ी ने जर्मनी में हुई वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व कर 45 साल बाद चौंपियनशिप जीतकर इतिहास रचा। युवाओं ने बताया कि इसी मैदान से प्रशिक्षित खिलाड़ी सेना, सीआरपीएफ,बीएसएफ और रेलवे जैसी प्रतिष्ठित सेवाओं में खेल कोटे से चयनित हुए हैं। पिछले वर्ष अंडर-19 बालिका बास्केटबॉल टीम ने इसी मैदान पर अभ्यास कर राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर नीमच का नाम रोशन किया था।खिलाड़ियों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि सीएम राइज़ स्कूल का निर्माण पुराने विद्यालय भवन को हटाकर या किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर किया जाए,ताकि शिक्षा और खेल दोनों का विकास समान रूप से हो सके।अब प्रशासन के सामने चुनौती यह है कि एक ओर शिक्षा के उन्नयन की महत्वाकांक्षी योजना है,तो दूसरी ओर शहर की खेल संस्कृति और सैकड़ों युवाओं के भविष्य का सवाल। आने वाले दिनों में यह देखना होगा कि प्रशासन विकास और खेल के बीच संतुलन कैसे स्थापित करता है।