नीमच। जिले के दड़ौली गांव में मंगलवार सुबह एक भयानक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की डंपर की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान ग्राम आंबा पंचायत दड़ौली निवासी कारूलाल पिता नंदलाल भील उम्र करीब 42 वर्ष के रूप में हुई है। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और आदिवासी समुदाय ने तत्काल नीमच-सिंगोली रोड जाम कर दिया,जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। यह प्रदर्शन सुबह 9 बजे से शुरू हुआ और करीब 1 बजे तक चला। घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम प्रीती संघवी और एसडीओपी रोहित राठौर मौके पर पहुंचे प्रशासन के आश्वासन के बाद माने,,एसडीएम प्रीती संघवी ने बताया कि, "यह दड़ौली-आंबा माता रोड की सुबह की घटना है। कारूलाल भील की दुखद मौत हुई है। प्रशासन की समझाइश के बाद जाम खुलवाया गया है। मृतक परिवार को सहायता राशि दी जाएगी। अवैध खनन से संबंधित शिकायतों की जांच कराई जाएगी। हादसा सांवरिया कंस्ट्रक्शन,उदयपुर द्वारा बनाए जा रहे निर्माणाधीन नीमच-सिंगोली मार्ग पर हुआ। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कंपनी के निरंकुश डंपरों की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण यह दुर्घटना हुई। गुस्साए आदिवासी ग्रामीणों ने मौके पर खड़े निर्माण कंपनी के दो डंपरों के शीशे तोड़ दिए। ग्रामीण मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा और लापरवाह जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।किसान नेता राजकुमार अहीर और पूरण अहीर भी पहुंचे और ग्रामीणों की मांगों का समर्थन किया। ग्रामीणों ने अवैध खनन की शिकायत भी की।
3 घंटे से अधिक समय तक सड़क पर जाम रहने और तनाव की स्थिति को देखते हुए, प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा। कड़ी मशक्कत के बाद प्रशासन और आक्रोशित ग्रामीणों के बीच बातचीत हुई,जिसके बाद कुछ मांगों पर सहमति बनी और जाम खोला गया। निर्माण कंपनी की ओर से मृतक के परिजनों को 6 लाख की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को स्थाई नौकरी देने पर सहमति बनी।
प्रशासन ने सरकारी योजनाओं के तहत आर्थिक सहायता की मांग को भी पूरा करने का आश्वासन दिया।
आक्रोशित ग्रामीणो की मांग पर, प्रशासन ने क्षेत्र में अवैध परिवहन पर लीगल कार्रवाई करने का भी आश्वासन दिया है।