जो बिना बैसाखी से खड़ा नहीं रह सकता है, उसने नीमच पुलिस के साथ मारपीट की? बंजारा नेता आर सागर कच्छावा सोशल मीडिया पर ट्रोल!
27 Nov 2025
NEEMUCH NEWS
नीमच। यह सुनकर आपको अटपटा जरूर लगें, लेकिन मध्यप्रदेश की नीमच पुलिस के साथ निशक्तजन आर सागर कच्छावा ने मारपीट की। बकायदा पुलिस ने एफआईआर में लिखा कि सागर कच्छावा ने पुलिस के साथ मारपीट की। यह मामला सोशल मीडिया पर तूल पकडने लगा है, कई तरह की तीखी प्रतिक्रियाएं लोग व्यक्त कर रहे है और सोशल मीडिया पर यह ट्रोल हो रहा है। पूरा मामला यह है कि दिनांक 1 सितंबर 2025 को नीमच जिले के जोडमी निवासी सत्यनारायण बंजारा की गुप्ता हॉस्पिटल में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। इस पर बंजारा समाज के समाजसेवी और कांग्रेस नेता आर सागर कच्छावा और भारतसिंह खींची ने 2 से 4 नवंबर 2025 को जिला अस्पताल में धरना दिया था। ढाई माह बाद पुलिस ने आर सागर कच्छावा को गिरफ्तारी का नोटिस दिया है, जिसमें बताया गया कि पुलिस के साथ मारपीट की गई और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई गई है। आपको बता दें कि सागर कच्छावा दो बैसाखियों पर चलते है, वे लंबे समय से राजनीति से जुडे हुए है। कांग्रेस के नेता भी है और बंजारा समाज के व्यक्ति के साथ कहीं पर अत्याचार होता है तो वे खडे होते है। उनकी पत्नी नखराबाई जिला पंचायत सदस्य है।