ग्वालदेविया की रहने वाली सीमा गुर्जर अपने छोटे से बच्चे के साथ कई महीनों से सरकारी दफ़्तरों के चक्कर काट रही,मामला पति की दुर्घटना में हुई मौत के मामले का,समग्र पोर्टल पर गलत जानकारी लोड होने के कारण नहीं मिल रही संबल योजना का लाभ,
09 Dec 2025
NEEMUCH NEWS
नीमच। सरकारी विभाग की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। ग्राम ग्वाल देविया की रहने वाली सीमा गुर्जर अपने छोटे से 3 साल के बच्चे के साथ बीते कई महीनों से सरकारी दफ़्तरों के चक्कर काट रही हैं। उनके पति प्रहलाद गुर्जर की मौत 27 जनवरी को सड़क दुर्घटना में हुई थी, लेकिन समग्र पोर्टल पर उनकी मृत्यु का कारण “सामान्य मृत्यु” के रूप में दर्ज कर दिया गया। सरकारी चूक की वजह से परिवार संबल योजना की सहायता राशि से वंचित है। सीमा ने 26 मार्च को पंचायत में आवेदन दिया था। जिले की आईडी पर भी सुधार के लिए रिक्वेस्ट भेजी और यहां तक कि सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत भी दर्ज कराई गई। लेकिन अभी तक समाधान नहीं हुआ। काग़ज़ों की गलत एंट्री ने एक विधवा और उसके मासूम बच्चे को सरकारी सहायता मिलने से रोक दिया है। एकमात्र सहारा छिनने के बाद आर्थिक संकट झेल रही सीमा ने कहा कि मेरे पति ही घर का एकमात्र सहारा थे। अब मदद के लिए सरकारी दफ़्तर तक दर-दर भटकने को मजबूर हैं। सीमा के भाई ने कहा कि दुर्घटना का मामला स्पष्ट है,लेकिन फिर भी रिकॉर्ड सुधार में अनावश्यक देरी हो रही है। सवाल यह है कि आखिर एक गरीब परिवार को उसकी वैधानिक सहायता दिलाने में इतनी देरी क्यों?अब पीड़ित महिला ने जिलाधीश से गुहार लगाई है कि समग्र पोर्टल पर मृत्यु का कारण तुरंत सही करवाया जाए और संबल योजना की सहायता राशि शीघ्र दिलाई जाए।