मंडी व्यापारी संघ का चुनाव 89% प्रतिशत से अधिक हुआ मतदान,व्यापारियों ने बढ़ चढ़कर लिया चुनाव में लिया हिस्सा,
04 Jan 2026
NEEMUCH NEWS
नीमच। कृषि उपज मंडी व्यापारी संघ चुनाव ने इस बार मतदान प्रतिशत के मामले में नया रिकॉर्ड कायम किया है। कुल 1001 पंजीकृत मतदाताओं में से 894 व्यापारियों ने मतदान किया, एलजो लगभग 89.3 प्रतिशत मतदान दर्शाता है। यह आंकड़ा साफ तौर पर बताता है कि मंडी चुनाव को लेकर व्यापारी वर्ग में जबरदस्त उत्साह और जागरूकता रही। कृषि उपज मंडी व्यापारी संघ चुनाव में मतदान प्रक्रिया के बाद अब मतगणना की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। चुनाव अधिकारियों के अनुसार सबसे पहले कार्यकारिणी सदस्यों के मतों की गणना की जाएगी, इसके बाद अध्यक्ष पद के मतों की गिनती शुरू होगी। सुबह से ही मतदान केंद्र पर चहल-पहल बनी रही। दोपहर बाद मतदान की गति तेज हुई और शाम होते-होते मतदान केंद्र पर लंबी कतारें देखने को मिलीं। मतदान का समय बढ़ाकर शाम 6 बजे तक किए जाने का निर्णय भी इस उच्च मतदान प्रतिशत में अहम साबित हुआ। अध्यक्ष पद के लिए गोपाल गर्ग और राकेश भारद्वाज के बीच सीधा मुकाबला होने के कारण हर वोट को निर्णायक माना जा रहा है। इसी वजह से बड़ी संख्या में व्यापारियों ने अपने मताधिकार का उपयोग किया और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाई। चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण और प्रशासनिक निगरानी में संपन्न हुई। अब मतगणना की प्रक्रिया शुरू होने वाली है, जिसे लेकर प्रत्याशी और व्यापारी वर्ग में खासा उत्सुकता का माहौल है। सूत्रों के अनुसार चुनाव परिणाम रात करीब 11:00 बजे तक सामने आ सकते हैं। उच्च मतदान प्रतिशत के चलते यह मुकाबला बेहद रोचक और कांटे का रहने की संभावना जताई जा रही है। अब सभी की निगाहें परिणाम पर टिकी हैं कि नीमच मंडी व्यापारी संघ की बागडोर किसके हाथों में जाएगी।