राधादेवी रामचंद्र मंगल ग्रुप ऑफ कॉलेजेस का गांधी सागर पावर प्लांट शैक्षणिक भ्रमण सफलतापूर्वक संपन्न पढ़ें ये खबर
09 Jan 2026
NEEMUCH NEWS
नीमच भाटखेड़ा स्थित राधादेवी रामचंद्र मंगल ग्रुप ऑफ कॉलेजेस के विद्यार्थियों ने हाल ही में गांधी सागर डैम का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस भ्रमण का मुख्य आकर्षण गांधी सागर पावर प्लांट रहा, जहाँ विद्यार्थियों को जलविद्युत उत्पादन की प्रक्रिया का प्रत्यक्ष और व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ। पावर प्लांट के भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने विद्यार्थियों को टरबाइन संचालन, जनरेटर कार्यप्रणाली, ऊर्जा प्रबंधन और सुरक्षा मानकों की विस्तृत जानकारी दी। विद्यार्थियों ने यह जानकर उत्साह व्यक्त किया कि किस प्रकार जल संसाधनों का कुशल उपयोग कर स्वच्छ और सतत ऊर्जा का उत्पादन किया जाता है। यह अनुभव उनके सैद्धांतिक ज्ञान को वास्तविक दुनिया से जोड़ने वाला साबित हुआ। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने केदारेश्वर मंदिर में दर्शन कर आध्यात्मिक शांति का अनुभव किया। बोट क्लब में गांधी सागर के प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लिया और हिंगलाजगढ़ रिसॉर्ट में सामूहिक गतिविधियों के माध्यम से आपसी सहयोग एवं सहभागिता का अनुभव किया।
भ्रमण के समापन अवसर पर कॉलेज प्राचार्य ने पावर प्लांट अधिकारियों का धन्यवाद किया और उनके सहयोग एवं मार्गदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के ज्ञान और व्यावहारिक समझ को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कॉलेज प्रबंधन के कुशल मार्गदर्शन में यह शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक और यादगार अनुभव साबित हुआ।