नीमच। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान-अमेरिका-इजरायल के बीच बढ़ते तनाव की खबरों के बीच जिले में एलपीजी गैस बुकिंग और वितरण को लेकर अफवाहों का दौर शुरू हो गया है। गैस सिलेंडर की कथित किल्लत की खबरों से उपभोक्ताओं में असमंजस की स्थिति बन गई। वहीं बुकिंग से जुड़ी वेबसाइट और हेल्पलाइन में तकनीकी समस्या के कारण कई उपभोक्ताओं को सिलेंडर बुक कराने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
लगातार मिल रही शिकायतों के बाद जिला प्रशासन ने गुरुवार को गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण किया। एडीएम बी.एल. कलेश, एसडीएम संजीव साहू और जिला आपूर्ति अधिकारी आर्यन दिवाकर ने कनावटी स्थित सांवलिया गैस एजेंसी सहित अन्य एजेंसियों पर पहुंचकर गैस स्टॉक और वितरण व्यवस्था की जांच की।
निरीक्षण के दौरान कुछ उपभोक्ताओं ने अधिकारियों से शिकायत करते हुए बताया कि कई दिन पहले बुकिंग कराने के बावजूद उन्हें सिलेंडर नहीं मिला। इस पर अधिकारियों ने एजेंसियों में उपलब्ध स्टॉक और वितरण व्यवस्था की जानकारी ली।
गैस वितरण एजेंसी एसोसिएशन के अध्यक्ष जुल्फिकार बारूदवाला और श्याम गैस एजेंसी के संचालक श्याम नरेडी ने बताया कि जिले में एलपीजी की आपूर्ति सामान्य है और स्टॉक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि तकनीकी कारणों से बुकिंग वेबसाइट और नंबर कुछ समय के लिए बाधित हैं, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही है, लेकिन गैस की कोई कमी नहीं है।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार के निर्देशानुसार फिलहाल कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई सीमित की गई है, जबकि अस्पताल और स्कूल जैसी आवश्यक सेवाओं को गैस की आपूर्ति जारी है। अधिकारियों ने भी लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और घबराकर गैस का अतिरिक्त स्टॉक नहीं करने की अपील की है।