नीमच। जावद जनपद पंचायत अध्यक्ष गोपाल चारण पर रिश्वत लेने के आरोपों को लेकर जिले में विरोध तेज हो गया है। सोमवार को ग्रामीणोजनों ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया और एक दिवसीय सत्याग्रह व उपवास रखकर भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने बैनर और नारों के साथ प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताते हुए आरोप लगाया कि पंचायत स्तर पर हुए आर्थिक अनियमितताओं के मामलों में अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उनका कहना है कि शिकायत और जांच के बावजूद जिम्मेदारों को बचाया जा रहा है। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता पंकज तिवारी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जनपद अध्यक्ष गोपाल चारण को लोकायुक्त द्वारा रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया था, इसके बावजूद उन्हें अब तक पद से नहीं हटाया गया। उन्होंने कहा कि पंचायत अधिनियम की धारा 40 के तहत कलेक्टर को कार्रवाई का अधिकार है, फिर भी मामला लंबित रखा गया है। प्रदर्शनकारियों ने सिंगोली क्षेत्र की एक पंचायत में सामने आई आर्थिक गड़बड़ी का मुद्दा भी उठाया। उनका आरोप है कि जांच में अनियमितताएं उजागर होने के बाद भी संबंधित सरपंच पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। प्रदर्शन के अंत में लोगों ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि जल्द ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। साथ ही कलेक्टर से जनपद अध्यक्ष और संबंधित सरपंच को तत्काल पद से हटाने की मांग भी की गई।